राजकुमार राव के पांच किरदार, जिनमें दिखा अभिनेता का बेहतरीन ट्रांसफॉर्मेशन
क्या है खबर?
अभिनेता राजकुमार राव ने अपने फिल्मों के चयन से बॉलीवुड में अपनी खास जगह बनाई है।
मंगलवार को नेटफ्लिक्स ने उनकी नई फिल्म 'मोनिका ओ माई डार्लिंग' का टीजर रिलीज किया गया। फिल्म में उनके साथ राधिका आप्टे और हुमा कुरैशी नजर आ रही हैं।
राजकुमार अपने किरदारों में ढलने के लिए खुद पर खूब मेहनत करने वाले कलाकारों में शामिल हैं।
आपको बताते हैं आपको राजकुमार की उन फिल्मों के बारे में जिनमें उनका बेहतरीन ट्रांसफॉर्मेशन देखने को मिला।
#1
बोस: डेड/अलाइव
बोस का किरदार राजकुमार के सबसे चर्चित किरदारों में से एक हैं। MX प्लेयर की इस वेब सीरीज के लिए राजकुमार को खूब सराहा गया।
इस किरदार के लिए राजकुमार को निर्माताओं ने प्रोस्थेटिक्स इस्तेमाल करने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने दूसरा रास्ता चुना।
इस किरदार के लिए राजकुमार ने अपना 11 किलो वजन बढ़ाया था। उन्होंने अपने आधे बाल भी शेव करा लिए थे।
IMDb पर इस सीरीज को 8.7 रेटिंग मिली है।
#2
ओमर्टा
ओमर्टा में राजकुमार पहली बार नेगेटिव किरदार में नजर आए। इस फिल्म में उन्होंने आतंकी अहमद उमर सईद शेख का किरदार निभाया था।
एक इंटरव्यू में राजकुमार ने बताया था कि जब इस फिल्म की शूटिंग चल रही थी उस वक्त पेरिस में आतंकी हमला हुआ था।
इस किरदार में वह इतना ढल गए थे कि हमले की खबर सुनकर वह खुश हो गए। हालांकि, उन्हें तुरंत इस बात का एहसास भी हो गया।
ओमर्टा की 7.1 IMDb रेटिंग है।
#3
राब्ता
'राब्ता' में सुशांत सिंह राजपूत और कृति सैनन मुख्य भूमिका में नजर आए थे।
इस फिल्म में राजकुमार ने 300 साल के एक बूढ़े व्यक्ति का किरदार निभाया था। फिल्म में उनके लुक के कारण उन्हें पहचानना मुश्किल होता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार इस किरदार के लिए निर्माताओं ने 16 अलग-अलग लुक ट्राई किए थे। आखिर में जो लुक तय हुआ उसके लिए राजकुमार हर रोज प्रोस्थेटिक्स और मेकअप में करीब छह घंटे बिताते थे।
#4
शादी में जरूर आना
'शादी में जरूर आना' राजकुमार की ऐसी फिल्म है जिसमें एक ही फिल्म में वह दो अवतार में नजर आए हैं।
शुरुआत में उनका किरदार एक अल्हड़ इलाहाबादी छात्र है। दूसरे हाफ में वह एक IAS अफसर बन जाता है। फिल्म में जब वह IAS के रूप में नजर आते हैं तो उनका ट्रांसफॉर्मेशन दर्शकों को हैरान कर देता है।
यह फिल्म 2017 में आई थी। IMDb पर इस फिल्म की 7.5 रेटिंग है।
#5
हिट: द फर्स्ट केस
यह राजकुमार की हालिया फिल्म है। यह फिल्म 15 जुलाई को सिनेमाघरों में आई थी और पिछले हफ्ते ZEE5 पर आई है।
यह एक क्राइम ड्रामा फिल्म है जिसमें राजकुमार एक पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आ रहे हैं। फिल्म में वह खुद एक ट्रॉमा से गुजरते हुए अपने केस को सुलझाने में लगे हैं।
बकौल राजकुमार यह उनके द्वारा किया गया अब तक का सबसे अलग किरदार है।
इस फिल्म की IMDb पर 7.4 रेटिंग है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
2017 में आई राजकुमार की फिल्म 'न्यूटन' भारत की ओर से ऑस्कर के लिए भेजी गई थी। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान राजकुमार की मां का निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार करने के बाद वह अगले दिन सेट पर लौट आए थे।