श्रमिक संगठन ने सेट पर आग लगने के बाद सुरक्षा पर उठाए गंभीर सवाल, कार्रवाई की भी करी मांग
मनोरंजन
मुंबई के फिल्म सिटी में 'पति पत्नी और पंगा 2' की शूटिंग के दौरान सोमवार को आग लग गई, और देखते ही देखते यह आग MTV के रियलिटी शो 'हसल' के सेट तक भी पहुंच गई।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर फिल्म सेटों पर सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
AICWA ने की FIR और सुरक्षा जांच की मांग
ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने इस आग लगने की घटना को "आपराधिक लापरवाही" बताया है। साथ ही, उन्होंने इसकी आधिकारिक जांच की मांग की है।
एसोसिएशन ने घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। इतना ही नहीं, उन्होंने फिल्म सिटी के प्रबंध निर्देशक के इस्तीफे तक की मांग कर डाली है।
AICWA के अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि सेट पर काम करने वाले सभी लोगों की सुरक्षा के लिए नियमित सुरक्षा जांच और सही उपकरणों का होना बहुत जरूरी है।