Page Loader
'एमपी में का बा': पेशाब कांड के विरोध के लिए गायक नेहा राठौड़ पर मामला दर्ज
नेहा सिंह राठौड़ के खिलाफ FIR (इंस्टाग्राम/@surendra_yadav8083)

'एमपी में का बा': पेशाब कांड के विरोध के लिए गायक नेहा राठौड़ पर मामला दर्ज

Jul 07, 2023
07:21 pm

क्या है खबर?

भोजपुरी गायक नेहा राठौड़ अपनी राजनीतिक टिप्पणियों के लिए सुर्खियों में रहती हैं। वह अपने गानों से अक्सर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधती हैं। 2022 में उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के दौरान उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए 'यूपी में का बा' गाया था। अब ऐसा ही गाना उन्होंने मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार पर बनाया है। यह गाना रिलीज होता, इससे पहले ही वह कानूनी मुश्किल में फंस गई हैं।

मामला

मध्य प्रदेश में पेशाब कांड पर बनाया था गाना

नेहा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने बताया था कि उनका नया गाना 'एमपी में का बा' जल्द आने वाला है। इसके साथ एक कार्टून शेयर किया था, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति पर पेशाब करता दिख रहा था। दरअसल, मध्य प्रदेश के सीधी में भाजपा विधायक के करीबी द्वारा एक आदिवासी पर पेशाब करने की वीडियो सामने आया था। इस घटना पर हर तरफ आक्रोश था।

FIR

धर्म के आधार पर नफरत फैलाने के लिए हुई FIR

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भोपाल के हबीबगंज थाने में नेहा के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। FIR के लिए नेहा द्वारा शेयर किए गए कार्टून को आधार बनाया गया है। उनके खिलाफ धर्म के आधार पर नफरत फैलाने का मुकदमा दर्ज हुआ है। नेहा के खिलाफ भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के मीडिया प्रभारी सूरज खरे ने शिकायत दी थी। खरे का कहना है कि नेहा RSS को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं।

गुस्सा 

भाजपा पर भड़कीं नेहा राठौड़

नेहा लगातार सोशल मीडिया पर सीधी की घटना का विरोध कर रही थीं। अपने खिलाफ FIR को लेकर वह भड़क गईं और उन्होंने इसके लिए भाजपा को खरी-खोटी सुनाई है। उन्होंने एक ट्वीट किया, 'मैंने आदिवासी व्यक्ति के ऊपर पेशाब करने का विरोध किया तो भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के मीडिया प्रभारी ने मेरे खिलाफ FIR दर्ज करवा दी। गजब है इनका आदिवासी प्रेम!' नेहा पर FIR को लेकर सोशल मीडिया 2 गुटों में बट गया है।

ट्विटर पोस्ट

भड़कीं नेहा राठौड़

घटना 

क्या है सीधी का पेशाब कांड?

बता दें कि आरोपी प्रवेश शुक्ला ने पीड़ित आदिवासी मजदूर पर पेशाब कर दिया था, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल रीवा भेज दिया गया है। उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और उसके घर के अवैध हिस्सों पर बुलडोजर चलाया गया था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीड़ित दमशत रावत को 6.5 लाख रुपये की आर्थिक मदद कर उन्हें सम्मानित भी किया था।