Page Loader
पायल रोहतगी पर हुई FIR, महात्मा गांधी समेत अन्य के खिलाफ की थी अपमानजनक टिप्पणी
पायल रोहतगी पर हुई FIR, जानिए मामला

पायल रोहतगी पर हुई FIR, महात्मा गांधी समेत अन्य के खिलाफ की थी अपमानजनक टिप्पणी

Sep 01, 2021
02:52 pm

क्या है खबर?

पायल रोहतगी बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री हैं। वह अपनी फिल्मों से अधिक विवादों को लेकर सुर्खियों में बनी रहती हैं। अब एक और विवाद से इस अभिनेत्री का नाम जुड़ गया है। जानकारी सामने आ रही है कि उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के खिलाफ वीडियो जारी करके कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियों का इस्तेमाल किया है। इसको लेकर अभिनेत्री पर FIR दर्ज हो गई है।

जानकारी

IPC की इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में महात्मा गांधी, नेहरू, इंदिरा और राजीव के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप में अभिनेत्री पायल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उनपर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 153 (a), 500, 505(2) और 34 के तहत मामला दायर किया गया है। ANI ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भी इस संबंध में जानकारी शेयर की है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए ANI का ट्विटर पोस्ट

पुणे पुलिस

पुणे पुलिस ने शिकायत के बाद दर्ज की FIR

इस संबंध में पुणे जिला कांग्रेस महासचिव संगीता तिवारी ने शिवाजीनगर पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। इसी शिकायत के बाद मामले में संज्ञान लेते हुए पुणे पुलिस ने पायल पर मुकदमा दायर किया है। पायल के अलावा एक अन्य अज्ञात आरोपी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज की गई है। अभिनेत्री पायल पर दो समुदायों के बीच भावनाएं भड़काने का आरोप लगाया गया है। पहले भी सोशल मीडिया पर उनके बयानों को लेकर मामला दर्ज हो चुका है।

गिरफ्तारी

2019 में आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर गिरफ्तार हुई थीं पायल

पायल ने 21 सितंबर, 2019 को भी सोशल मीडिया पर स्वतंत्रता सेनानी मोतीलाल नेहरू, जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। पायल के खिलाफ शिकायत दर्ज होने के बाद राजस्थान की बूंदी पुलिस ने उन्‍हें गिरफ्तार किया था। राजस्थान पुलिस ने उनके खिलाफ आईटी अधिनियम की धारा 66 और 67 के तहत मामला दर्ज किया था। कांग्रेस नेता चर्मेश शर्मा ने इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई थी।

करियर

इन फिल्मों में नजर आई हैं पायल

पायल का फिल्मी सफर दिलचस्प रहा है। पायल ने फेमिना मिस इंडिया पेजेंट का हिस्सा बनकर अपने करियर की शुरुआत की थी। 2011 से पायल पहलवान संग्राम के साथ रिलेशनशिप में हैं। 2014 में इन दोनों ने अहमदाबाद में सगाई की थी। वह 'ये क्या हो रहा है', 'रिफ्यूजी', 'रक्त', '36 चाइना टाउन', 'ढोल', 'दिल कबड्डी' जैसी फिल्मों में मौजूदगी दर्ज करवा चुकी हैं। उन्हें 'बिग बॉस', 'फियर फैक्टर इंडिया 2' जैसे टीवी शोज में भी देखा गया है।