
शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के खिलाफ राजस्थान में शिकायत दर्ज, जानिए क्या है वजह
क्या है खबर?
शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण से जुड़ी एक ऐसी खबर सामने आई है, जिससे उनके प्रशंसक हैरान-परेशान हो जाएंगे। दरअसल, शाहरुख और दीपिका के साथ हुंडई कंपनी के 6 अन्य अधिकारियों के खिलाफ राजस्थान के भरतपुर जिले में FIR दर्ज की गई है। दीपिका और शाहरुख हुंडई के ब्रांड एंबेसडर हैं। यह मामला धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ है, जिसमें वाहन में कथित तकनीकी खामियों का आरोप लगाया गया है। आइए आपको पूरा मामला बताते हैं।
मामला
आखिर क्या है मामला?
भरतपुर की रहने वाली कीर्ति सिंह नामक महिला ने शाहरुख और दीपिका के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। कीर्ति ने दावा किया कि उन्होंने हाल ही में हुंडई कंपनी की एक कार खरीदी थी, जिसमें शुरू से ही तकनीकी दिक्कतें थीं। कई बार शिकायत करने के बावजूद हुंडई कंपनी ने कोई समाधान नहीं निकाला। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि उन्होंने यह गाड़ी हुंडई के ब्रांड एंबेसडर शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के विज्ञापनों को देखकर खरीदी थी।
जानकारी
ब्रांड एंबेसडर को लग सकता हा जुर्माना
भारतीय उपभोक्ता कानून के तहत, अगर कोई उत्पाद दोषपूर्ण होता है तो ब्रांड का प्रचार करने वाले सितारे भी जिम्मेदार ठहराए जा सकते हैं। उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के अनुसार, भ्रामक विज्ञापन करने पर ब्रांड एम्बेसडर पर जुर्माना या सजा तक हो सकती है।
ब्रांड एंबेसडर
2023 में ब्रांड एंबेसडर बनी थीं दीपिका
यह मामला पहले भरतपुर की CJM कोर्ट नंबर 2 में निजी शिकायत के रूप में दायर किया गया था। अदालत ने पुलिस को FIR दर्ज करने का आदेश दिया, जिसके बाद मथुरा गेट थाने में धारा 420 (धोखाधड़ी) और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि शाहरुख साल 1998 से हुंडई इंडिया से जुड़े हुए हैं। उधर दीपिका दिसंबर 2023 में हुंडई की ब्रांड एम्बेसडर बनी थीं।