फवाद खान ने अपनी पाकिस्तानी सीरीज की तारीफ में पढ़े कसीदे, बोले- ये पाकिस्तान की जीत
क्या है खबर?
नेटफ्लिक्स ने अपनी पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' का ट्रेलर कराची में लॉन्च कर दिया है। इस मौके पर फवाद खान, हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर, बिलाल अशरफ, इकरा अजीज, माया अली और हमजा अब्बासी समेत कई कलाकार मौजूद रहे। हालांकि, माहिरा खान इस इवेंट में नजर नहीं आईं। फवाद ने इस सीरीज को पाकिस्तान के लिए बड़ी उपलब्धि बताया और इस प्रोजेक्ट को साथ लाने के लिए पूरी टीम का आभार जताया।
खुशी
फवाद ने जताई खुशी
लॉन्च के मौके पर फवाद ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि किसी और के साथ ये सफर इतना खूबसूरत होता। इसे संभव बनाने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। ये पाकिस्तान की जीत है और इसका हिस्सा बनकर मैं बेहद खुश और सम्मानित महसूस कर रहा हूं।"
अभिनेता बिलाल अशरफ ने भी ऐसी ही भावना जताते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट ने दिखाया कि जब पाकिस्तानी कलाकार किसी साझा लक्ष्य के लिए काम करते हैं तो वे क्या हासिल कर सकते हैं।
अवसर
फवाद को पाकिस्तानी कलाकारों के लिए दिखी नई उम्मीद
रेड कार्पेट पर मीडिया से बात करते हुए फवाद ने उम्मीद जताई कि ये नेटफ्लिक्स सीरीज पाकिस्तानी कलाकारों के लिए नए अवसर पैदा करेगी।
उन्होंने कहा कि 'हमसफर' और 'जिंदगी गुलजार है' जैसे शोज से पाकिस्तानी टीवी पहले ही विदेशों में पहचान बना चुका है।
फवाद के मुताबिक, पाकिस्तानी ड्रामा के दर्शक दुनियाभर में फैले हैं। कई शोज का अन्य भाषाओं में अनुवाद भी होता है और कुछ ने नेटफ्लिक्स पर भी अच्छा प्रदर्शन किया है।
पहुंच
फवाद बोले- भावनाओं की कोई सीमा नहीं होती
फवाद बोले कि नेटफ्लिक्स उनकी ये सीरीज 191 देशों के बड़े दर्शकों तक पहुंचाएगा, क्योंकि भावनाएं सार्वभौमिक होती हैं और ये पाकिस्तान का एकमात्र चित्रण नहीं है। उनके मुताबिक, पहले भी लोग पाकिस्तानी शोज देखते रहे हैं, लेकिन अब ये और भव्य रूप में पहुंचेंगे।
फवाद पहले भारतीय फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। उन्होंने 2014 में 'खूबसूरत' से बॉलीवुड में कदम रखा था। 2016 में वो 'कपूर एंड सन्स' और 'ऐ दिल है मुश्किल' में नजर आए थे।
बयान
हानिया आमिर ने क्या कहा?
हानिया आमिर ने इसे पाकिस्तानी मनाेरंजन इंडस्ट्री का ऐतिहासिक पल बताया और बड़े कलाकारों के साथ काम करने पर खुद को भाग्यशाली कहा।
उन्होंने कहा कि दुनियाभर में उनके फैंस ने पाकिस्तानी ड्रामे देखे हैं और उन्हें पहचान टीवी व फिल्मों से मिली।
हानिया के मुताबिक, ये सिर्फ एक कदम है, क्योंकि उनकी कहानियां पहले से मशहूर हैं और नेटफ्लिक्स पर आने से वो और सुलभ हो जाएंगी, जिससे सभी को फायदा होगा।