पाकिस्तानी सीरीज के बहिष्कार की मांग पर अबू आजमी बोले- पाकिस्तान से बड़ा दुश्मन चीन है
क्या है खबर?
फवाद खान और माहिरा खान की पाकिस्तानी नेटफ्लिक्स सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को भारत में रोकने की मांग तेज हो गई है। AICWA के बाद शिवसेना नेता आनंद दुबे ने शो के बहिष्कार का समर्थन करते हुए पाकिस्तान से सांस्कृतिक जुड़ाव के विरोध में ऐसी सामग्री पर रोक की मांग की है। उधर सपा विधायक अबू आसिम आजमी ने व्यापार, वीजा और क्रिकेट के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए अलग रुख अपनाया है।
पलटवार
पाकिस्तान दुश्मन है तो व्यापार और आवाजाही बंद करो- अबू आसिम
मुंबई में नेटफ्लिक्स पर पाकिस्तानी सीरीज पर बैन की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आसिम आजमी ने कहा कि यदि पाकिस्तान हमारा दुश्मन है तो उसके साथ आवाजाही और व्यापार बंद किया जाना चाहिए।
आजमी ने सवाल किया कि एक तरफ पाकिस्तान के लोगों को भारत आने के लिए वीजा जारी किए जा रहे हैं और दूसरी तरफ दोनों देशों के बीच क्रिकेट मैच भी खेले जा रहे हैं।
दो टूक
"दोस्ती और दुश्मनी साथ नहीं चल सकती"
आजमी ने साफ कहा कि पाकिस्तान के साथ एक ही समय में दोस्ती और दुश्मनी का रवैया नहीं अपनाया जा सकता। देश को पहले ये तय करना होगा कि पाकिस्तान के साथ किस तरह के रिश्ते रखने हैं।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से बड़ा दुश्मन चीन है, जो सीमा के भीतर घुसपैठ कर बैठा है, लेकिन उस पर कोई चिंता नहीं है। आजमी के मुताबिक, लोगों को आपस में एकजुट होकर एक मजबूत गठबंधन बनाना चाहिए और यही बेहतर होगा।
हमला
अबू आजमी ने सरकार को घेरा
आजमी बोले कि सरकार खुद पाकिस्तान पर भारत में घुसपैठ और आतंकवाद फैलाने के आरोप लगाती है।
उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र कर कहा कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ नफरत भड़काता है। ऐसे में उसके साथ क्रिकेट मैच खेलने, पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा जारी करने और दोनों देशों के बीच लोगों की आवाजाही जारी रखने का क्या मतलब है?
उन्होंने सवाल उठाया कि दुश्मन मानने के बावजूद ये गतिविधियां क्यों जारी हैं और इसे सरकार का दोहरा मापदंड बताया।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
Mumbai, Maharashtra: On the demand to ban Pakistani series on Netflix, Samajwadi Party state president and MLA Abu Asim Azmi says, "If Pakistan is our enemy, then stop travel and trade with it. On the one hand, you are issuing visas and allowing people from Pakistan to come here,… pic.twitter.com/GbIaMie7Xe
— IANS (@ians_india) November 25, 2026
विवाद
फवाद खान-माहिरा खान की सीरीज पर विवाद, AICWA ने की बैन की मांग
बता दें कि पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की भारत में रिलीज रोकने की मांग तेज हो गई है।
AICWA ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर नेटफ्लिक्स पर 4 दिसंबर को रिलीज होने वाली इस सीरीज पर प्रतिबंध लगाने की अपील की है।
इसमें फवाद खान, माहिरा खान और हानिया आमिर समेत कई कलाकार हैं। एसोसिएशन ने पाकिस्तानी फिल्मों, गानों और सीरीज पर स्थायी रोक लगाने के लिए कानून बनाने की मांग भी की है।