LOADING...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुरीद हुए 'फौदा' स्टार लियोर, बोले- भारत जैसा माहौल हमें भी चाहिए
'फौदा' की टीम से मिले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुरीद हुए 'फौदा' स्टार लियोर, बोले- भारत जैसा माहौल हमें भी चाहिए

Feb 27, 2026
11:44 am

क्या है खबर?

लोकप्रिय इजरायली जासूसी थ्रिलर सीरीज 'फौदा' के मुख्य अभिनेता और सह-निर्माता लियोर रज ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात को उन्होंने एक बड़ा सम्मान करार दिया है। मोदी की इजरायल यात्रा के दौरान हुई इस खास मुलाकात में 'फौदा' की पूरी टीम मौजूद थी, जिसकी एक सेल्फी भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।

मुलाकात

इजरायल दौरे पर मोदी मिले 'फौदा' के सितारों से

अपनी दो दिवसीय इजरायल यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने नेटफ्लिक्स की बेहद लोकप्रिय सीरीज 'फौदा' की टीम से मुलाकात की। मोदी की शो के कलाकारों और निर्माताओं के साथ ली गई तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। भारत में इस थ्रिलर सीरीज की एक बड़ी और समर्पित फैन फॉलोइंग है। लियोर भी मोदी से मिलने वालों में शामिल थे। इस बातचीत के बाद उन्होंने कला और संस्कृति के प्रति प्रधानमंत्री के अटूट समर्थन की जमकर सराहना की।

ख्वाहिश

भारत लौटने की जताई इच्छा 

लियोर ने कहा, "ये अनुभव अद्भुत था और भारत के प्रधानमंत्री से मिलना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात थी।" लियोर ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि वो गोवा फिल्म फेस्टिवल में 'फौदा' के प्रीमियर के लिए भारत आ चुके हैं और जल्द ही फिर से भारत लौटना चाहेंगे। वो बोले, "भारत इतना विशाल देश है और हमें पता है कि वहां हमारे शोज को पसंद करने वाले दर्शकों की एक बहुत बड़ी तादाद मौजूद है।"

Advertisement

समर्थन

"कला को लेकर भारत जैसा समर्थन अपने देश में भी चाहिए"

लियोर बोले, "आपके प्रधानमंत्री से ये सम्मान पाना हमारे लिए गौरव की बात है। ये देखना वाकई शानदार है कि वो आपके देश में एक्टिंग, प्रोडक्शन और कला का कितना समर्थन करते हैं। ये कुछ ऐसा माहौल है, जो मैं अपने देश में भी देखना चाहता हूं। हमें दोबारा साथ काम करना बहुत पसंद आएगा। मेरे शो 'फौदा' का नेटफ्लिक्स प्रीमियर गोवा फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। हम वहां फिर से वापस आना और ऐसा अनुभव दोबारा दोहराना पसंद करेंगे।"

Advertisement

लोकप्रियता

'फौदा' की सफलता का असर, भारत में बनी 'तनाव'

सोशल मीडिया पर फौदा की टीम के साथ वायरल हाे रही मोदी की तस्वीर देख भारतीय प्रशंसक बेहद उत्साहित हैं। 'फौदा' एक विश्व प्रसिद्ध इजरायली राजनीतिक थ्रिलर वेब सीरीज है, जिसने अपनी सस्पेंस भरी कहानी और वास्तविकता के कारण पूरी दुनिया में धूम मचाई है। भारत में 'फौदा' के चाहने वालों की एक बड़ी संख्या है। इसकी सफलता को देखते हुए ही इसका भारतीय रूपांतरण 'तनाव' नाम से बनाया गया, जिसकी कहानी कश्मीर की पृष्ठभूमि पर आधारित है।

Advertisement