
फातिमा सना शेख का चौंकाने वाला खुलासा, बोलीं- उसने मुझे छेड़ा और मारकर नीचे गिरा दिया
क्या है खबर?
अभिनेत्री फातिमा सना शेख पिछली बार फिल्म 'मेट्रो...इन दिनों' में नजर आई थीं और अब उनकी फिल्म 'आप जैसा कोई' भी सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है, जिसमें पहली बार उनकी जोड़ी आर माधवन के साथ बनी है। फातिमा इन दिनों अपनी इसी फिल्म का प्रचार कर रही हैं। हाल ही में उन्होंने अपने साथ हुई एक छेड़छाड़ की घटना से पर्दा उठाया और बताया कि कैसे एक सिरफिरे आदमी ने छेड़ने के बाद उन पर हमला कर दिया।
खुलासा
...जब फातिमा के साथ छेड़छाड़ करने लगा आदमी
हॉटरफ्लाई से फातिमा ने कहा, "एक बार एक आदमी ने मुझे गलत तरीके से छुआ था, और मैंने उसे मारा, लेकिन उसने पलटकर मुझे इतनी जोर से मार दिया कि मैं धड़ाम से नीचे गिर पड़ी। दरअसल, उसके आत्मसम्मान को ठेस पहुंच गई थी। मैंने तो उसे इसलिए मारा, क्याेंकि उसने मेरे साथ गंदी हरकत की थी, लेकिन उसे इतना बुरा लग गया कि उसने मुझ पर हाथ उठा दिया, लेकिन इसके बाद मैंने ज्यादा ध्यान देना शुरू कर दिया।"
किस्सा
"मतलब गलत भी हमारे साथ करो और सोचे भी हम ही"
फातिमा बोलीं, "दरअसल, अब हमें ये भी ध्यान रखना होगा कि अगर हमें काेई लड़का छेड़ ले तो हमें प्रतिक्रिया कैसी देनी है। सोचिए क्या विडंबना है कि हमारे साथ ही कुछ गलत हो रहा है और हमें ही ये सोचना होगा कि हम उस समय क्या जवाब दें। हम अपनी तरह से जवाब भी नहीं दे सकते।" फातिमा ने अपने साथ हुई एक और घटना के बारे में बताया, जब एक ऑटोवाला उनके पीछे पड़ गया था।
आपबीती
....जब भद्दे इशारे करते हुए ऑटोवाले ने किया फातिमा का पीछा
अभिनेत्री बोलीं, "कोरोना महामरी के दौरान मैं मास्क पहनकर साइकिल चला रही थी तो एक ऑटोवाला मेरा पीछा करने लगा। वो मेरे पीछे-पीछे घर तक चला आया और उसने बीच-बीच में कई भद्दे इशारे किए। वो लगातार हॉर्न बजा रहा था और अजीब-अजीब आवाजें निकाल रहा था। जब तक कि मैं अपनी गली में मुड़ नहीं गई, उसने अपना रास्ता नहीं बदला। ऐसी घटनाएं आम हैं, चाहे कोई सेलेब्रिटी हो या आम लड़की। बस लड़की होनी चाहिए।"
सफरनामा
फातिमा के फिल्मी सफर पर एक नजर
फातिमा ने बतौर बाल कलाकार फिल्म 'चाची 420' से बॉलीवुड में कदम रखा था। उन्हें फोटोग्राफी में दिलचस्पी है। वह इसी क्षेत्र में काम भी करने लगी थीं, लेकिन तभी उन्हें आमिर खान की फिल्म 'दंगल' में काम करने का मौका मिल गया। इसके बाद वह 'लूडो', 'थार' और 'धक धक' जैसी फिल्मों में दिखीं। सिनेमाघरों में लगी उनकी फिल्म 'आप जैसा कोई' एक ऐसी प्रेम कहानी को दर्शाती है, जिसमें बराबरी वाले प्यार पर ज्यादा फोकस किया गया है।