Page Loader
नेटफ्लिक्स की फिल्म 'थार' में नजर आएगी हर्षवर्धन और पिता अनिल कपूर की जोड़ी
पिता अनिल कपूर के साथ फिल्म ‘थार’ में नजर आएंगे हर्षवर्धन। (तस्वीर- ट्विटर)

नेटफ्लिक्स की फिल्म 'थार' में नजर आएगी हर्षवर्धन और पिता अनिल कपूर की जोड़ी

Feb 21, 2022
03:24 pm

क्या है खबर?

अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन ने फिल्म 'मिर्जिया' से बॉलीवुड में अपना एक्टिंग करियर शुरू किया था। हालांकि, उनकी यह फिल्म सफल नहीं रही। हर्षवर्धन बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं। उनके पिता भी उनका करियर संवारने में उनकी मदद कर रहे हैं। बाप-बेटे की यह जोड़ी जल्द ही 'थार' नाम की एक फिल्म में दिखाई देगी। फिल्म से उनकी पहली झलक भी सामने आ गई है। आइए जानते हैं क्या जानकारी मिली है।

घोषणा

नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी फिल्म

अनिल ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी है कि वह जल्द ही अपने बेटे के साथ फिल्म 'थार' में भी स्क्रीन शेयर करते दिखेंगे। उन्होंने ट्विटर पर फिल्म से कलाकारों का लुक शेयर कर लिखा, 'रेगिस्तान के रेत में दबे राज भी अब कानून के इन लंबे हाथों से नहीं बच पाएंगे? 'थार' देखिएगा जरूर। आ रही है जल्द ही नेटफ्लिक्स पर।' इस फिल्म में अनिल और हर्षवर्धन के अलावा फातिमा सना शेख व सतीश कौशिक भी दिखाई देंगे।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए अनिल का पोस्ट

कहानी

हर्षवर्धन के किरदार के आसपास घूमती है फिल्म की कहानी

'थार' एक रिवेंज ड्रामा है, जिसमें अनिल पुलिस अफसर का किरदार निभाएंगे। फिल्म को अनिल ने ही प्रोड्यूस किया है। 'थार' रेतीले पहाड़ों में सेट है। यह अस्सी के दशक की एक कहानी है, जो सिद्धार्थ नाम के शख्स पर केन्द्रित है। सिद्धार्थ की भूमिका हर्षवर्धन निभाएंगे। इसकी कहानी हर्षवर्धन के किरदार के आसपास घूमती दिखेगी, जो बदले की आग में जल रहा है। राज सिंह चौधरी इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। उन्होंने ही इसकी कहानी लिखी है।

जोड़ी

फिल्म में दिखेगी हर्षवर्धन और फातिमा की जोड़ी

इस फिल्म में हर्षवर्धन और फातिमा की जोड़ी नजर आएगी। दोनों पहली बार साथ काम कर रहे हैं। हर्षवर्धन ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'आप या तो तूफान का सामना करते हैं या गिर जाते हैं। नेटफ्लिक्स पर जल्द आ रही है फिल्म 'थार', जिसमें दिखेगा मेरा और अनिल कपूर का टकराव।' फातिमा ने भी फिल्म से अपनी झलक साझा करते हुए लिखा, 'रेगिस्तान में आप किस पर विश्वास करेंगे? आप सबके 'थार' देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं।'

फिल्म

पापा की फिल्म एके वर्सेज एके में भी दिखे हर्षवर्धन

पिछले साल 24 दिसंबर को अनिल की फिल्म 'AK वर्सेज AK' रिलीज हुई थी। विक्रमादित्य मोटवानी ने फिल्म का निर्देशन किया था। अनिल और अनुराग कश्यप में इसमें मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म में इन सभी कलाकारों ने अपनी ही भूमिका निभाई थी। खास बात यह है कि इस फिल्म में हर्षवर्धन भी नजर आए थे, लेकिन उनकी भूमिका काफी छोटी थी। हालांकि, फिल्म को दर्शकों ने नकार दिया था। इसमें हर्षवर्धन की बहन सोनम कपूर भी नजर आई थीं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

अनिल और हर्षवर्धन ने भारत के जबरदस्त निशानेबाज अभिनव बिंद्रा की बायोपिक के लिए हाथ मिलाया था, लेकिन यह अभी तक शुरू नहीं हुई है। हर्षवर्धन ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि इसके जरिए वह हिंदी सिने प्रेमियों तक अपनी पहुंच बना पाएंगे।