BAFTA 2026: 'बूंग' की सफलता पर फरहान अख्तर बोले- इसका समर्थन करना अच्छा लगा
क्या है खबर?
लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल में आयोजित BAFTA पुरस्कार 2026 में भारत के लिए गौरव का पल रहा। मणिपुरी फिल्म 'बूंग' जिसका निर्माण फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के एक्सेल एंटरटेनमेंट के तहत किया गया था, उसने सर्वश्रेष्ठ बाल एवं पारिवारिक फिल्म का पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया। लक्ष्मीप्रिया देवी द्वारा निर्देशित फिल्म BAFTA पुरस्कार हासिल करने वाली पहली फिल्म है जिसकी सफलता से फरहान भी गदगद नजर आए। उन्होंने फिल्म को समर्थन देने के अपने फैसले पर बात की।
प्रतिक्रिया
फरहान ने 'बूंग' की जीत पर प्रतिक्रिया दी
'बूंग' की ऐतिहासिक जीत के बाद, फरहान ने इसे अपना समर्थन देने के फैसले पर और निर्देशक लक्ष्मीप्रिया संग अपने 2 दशक पुराने जुड़ाव पर बात की। उन्हाेंने कहा, "लक्ष्मीप्रिया और मैं 20 साल से एक-दूसरे को जानते हैं। ये फिल्म भारत के एक ऐसे क्षेत्र पर आधारित है, जहां से हमें फिल्में देखने को कम ही मिलती हैं। इसका समर्थन करना अच्छा लगा, और यह एक बहुत दिल को छू लेने वाली कहानी है। इसलिए, यह बिल्कुल सही लगा।"
कहानी
जानिए क्या है फिल्म 'बूंग' की कहानी
साल 2024 में रिलीज 'बूंग' की कहानी मणिपुर की एक घाटी में रहने वाले लड़के बूंग के इर्द-गिर्द घूमती है जो अपनी मां को एक तोहफा देकर उसे चौंकाने की ख्वाहिश रखता है। अपनी मासूमियत में, उसे लगता है कि अपने खोए हुए पिता को घर वापस लाना ही सबसे बड़ा तोहफा होगा। पिता को ढूंढ निकालने की उसकी यह तलाश धीरे-धीरे उसे एक अलग मोड़ पर लाकर खड़ा कर देती है, जो उसकी जिंदगी को बदल देता है।