फरहान अख्तर पर्दे पर लाएंगे रेजांगला युद्ध के योद्धाओं की कहानी, ऐसी है तैयारी
क्या है खबर?
फरहान अख्तर किसी न किसी वजह से अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। कभी अपनी पेशेवर जिंदगी के चलते तो कभी अपनी निजी जिंदगी के कारण। बहरहाल, पिछले कुछ दिनों से वह अपनी अगली फिल्म 'डॉन 3' को लेकर चर्चा में हैं।
हालांकि, अब उनकी उस फिल्म को लेकर एक बार फिर सुगबुगाहट शुरू हो गई है, जिसमें वह कंगना रनौत की फिल्म 'धाकड़' के निर्देशक के साथ काम करने वाले थे।
आइए जानते हैं क्या नई जानकारी सामने आई है।
कहानी
फिल्म में देखने को मिलेगा रेजांगला युद्ध
ईटाइम्स के मुताबिक, फरहान ने निर्देशक रजनीश घई से हाथ मिलाया है, जिन्होंने पिछली बार कंगना और अर्जुन रामपाल को लेकर फिल्म 'धाकड़' का निर्देशन किया था।
नई खबर है कि इस फिल्म की कहानी रेजांगला युद्ध पर आधारित है, जब 1962 में भारतीय सैनिकों ने चीनी दुश्मनों को न सिर्फ शर्मनाक हार दी, बल्कि उनके नापाक मंसूबों को भी खाक में मिलाया।
फिल्म में भारतीय सेना की 13 कुमाऊं रेजिमेंट के 120 जवानों की बहादुरी की कहानी दिखाई जाएगी।
सहयोग
फरहान दूसरी बार कर रहे निर्देशक के साथ काम
सूत्रों के मुताबिक, रजनीश पिछले काफी समय से इस फिल्म को बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसकी कहानी उनके बेहद करीब है, क्योंकि वह भी सेना की पृष्ठभूमि से हैं। रजनीश के पिता और भाई सशस्त्र बलों में सेवा दे चुके हैं।
फरहान और रजनीश का यह साथ में दूसरा प्रोजेक्ट होगा। इससे पहले दोनों एक मोबाइल ब्रांड के विज्ञापन के लिए साथ काम कर चुके हैं। अब दोनों फिल्म के लिए साथ आकर बेहद रोमांचित है।
गाथा
भारत के इतिहास का सबसे बड़ा युद्ध
18 नवंबर, 1962 को हुए रेजंगाला युद्ध में 1,300 चीनी सैनिकों पर हमारे 120 जवान भारी पड़े थे। भारत के इतिहास में रेजांगला के युद्ध को अब तक का सबसे बड़ा युद्ध कहा जाता है।
लगभग हर जवान ने इस युद्ध में अपना बलिदान दिया था। मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में हर जवान हीरो था। शैतान सिंह घायल होने के बावजूद एक तरफ चीनी सेना से लड़ रहे थे तो दूसरी ओर जवानों की हौसलाअफजाई कर रहे थे।
जलज
भारत-चीन की लड़ाई पर पहले भी बन चुकीं फिल्में
भारत-चीन के बीच युद्ध पहले भी पर्दे पर दिख चुका है। फिल्म 'पलटन' में लेफ्टिनेंट कर्नल राज सिंह यादव की कहानी दिखाई गई, जिन्होंने अपने सैनिकों के समूह के साथ अपने प्रियजनों से दूर होने के दर्द से निपटने के लिए चीनियों से नाथू ला दर्रे की रक्षा के लिए वीरता की मिसाल पेश की थी।
सलमान खान की फिल्म 'ट्यूबलाइट' में भी भारत-चीन युद्ध दिखाया गया था। इस फेहरिस्त में दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की फिल्म 'हकीकत' भी शामिल है।