प्राइम वीडियो पर 'द बॉयज़' की सेंसरशिप, क्या IT नियम बिगाड़ रहे हैं OTT का असली मज़ा?
अमेजन प्राइम वीडियो के 'द बॉयज़' को लेकर भारत में विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, दर्शकों ने देखा कि शो के कुछ सीन धुंधले कर दिए गए हैं, कुछ डायलॉग्स को म्यूट कर दिया गया है और कई दृश्यों को काट दिया गया है।
ऐसे में लोग इस बात पर OTT प्लेटफॉर्म्स की आलोचना कर रहे हैं कि वे स्थानीय नियमों का पालन करने के लिए कंटेंट में काट-छांट क्यों करते हैं। उनका कहना है कि ऐसा करने से शो के असली और रचनात्मक पल खत्म हो जाते हैं।
IT नियमों के डर से प्लेटफॉर्म शो करते हैं शोज को एडिट
प्राइम वीडियो जैसे प्लेटफॉर्म भारतीय कानून, खासकर IT एक्ट, 2000 और 2021 के सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यवर्ती दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) नियमों का पालन करने के लिए शो में बदलाव करते हैं। ऐसा वे किसी भी कानूनी परेशानी से बचने के लिए करते हैं।
यह समस्या सिर्फ 'द बॉयज़' तक ही सीमित नहीं है। पहले 'वाइकिंग्स' और 'गेम ऑफ थ्रोन्स' जैसे मशहूर शोज को भी एडिट किया जा चुका है। यहां तक कि सबटाइटल्स और डबिंग को भी बारीकी से जांचा जाता है, ताकि कोई भी आपत्तिजनक बात न रह जाए।
बहुत से दर्शक मानते हैं कि इन बदलावों से शो देखने का पूरा अनुभव खराब हो जाता है। इसी वजह से वे बिना किसी कट के वाले वर्जन को दूसरी जगह खोजने लगते हैं।