आमिर खान के भाई फैसल खान का सरेआम माफीनामा, परिवार से बोले- हद से ज्यादा बोल गया था
आमिर खान के अलग रह रहे भाई और पूर्व अभिनेता फैसल खान ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपने परिवार से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी है।
उन्होंने खासकर अपनी मां जीनत हुसैन और बहन निकहत खान के बारे में पहले की गई अपनी कटु टिप्पणियों पर अफसोस जताया।
फैसल ने पॉडकास्ट पर माना कि वे 'हद से ज्यादा' बोल गए थे और निजी पारिवारिक मामलों को सार्वजनिक करने का उन्हें बेहद दुख है।
उन्होंने परिवार से माफी मांगी और उम्मीद जताई है कि अब वे सब इस बात को भुलाकर आगे बढ़ सकेंगे।
सरकारी अस्पताल ने फैसल को मानसिक रूप से पाया स्वस्थ
फैसल ने 2007 के उन पुराने आरोपों पर भी बात की, जब उनके परिवार ने उन्हें मानसिक रूप से बीमार बताया था। यह विवाद इतना बढ़ा था कि मामला अदालत तक जा पहुंचा।
उन्होंने बताया कि एक सरकारी अस्पताल ने उन्हें मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ पाया था, भले ही उनके कुछ रिश्तेदारों की सोच इससे अलग थी।
हालांकि, परिवार में अभी भी इस मुद्दे पर मिली-जुली राय है, लेकिन फैसल को उम्मीद है कि इतने सालों की दूरी के बाद अब वे आपस में विश्वास दोबारा कायम कर पाएंगे और फिर से जुड़ सकेंगे।