'चंद्रमुखी 2' से पहले OTT पर लीजिए इन हॉरर-कॉमेडी फिल्मों का मजा
कंगना रनौत की फिल्म 'चंद्रमुखी 2' का ट्रेलर जारी हो चुका है। यह ट्रेलर सोशल मीडिया पर चर्चा में है। 'चंद्रमुखी 2' 2005 में आई रजनीकांत की फिल्म 'चंद्रमुखी' का सीक्वल है। ट्रेलर से फिल्म एक दिलचस्प हॉरर कॉमेडी फिल्म लगती है। यह फिल्म 15 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अगर आपकी इस फिल्म में दिलचस्पी है, तो OTT पर मौजूद इन हॉरर-कॉमेडी फिल्मों का लुत्फ भी ले सकते हैं।
'भूल भुलैया'
2007 में आई अक्षय कुमार की फिल्म 'भूल भुलैया' को लोगों ने खूब पसंद किया था। फिल्म में शाइनी आहूजा, विद्या बालन और अमीषा पटेल भी नजर आए थे। फिल्म में विद्या बालन का मंजूलिका का रूप प्रशंसकों की जहन में हमेशा ताजा रहता है। निर्देशक प्रियदर्शन की इस फिल्म ने दर्शकों को खूब हंसाया था और हंसाते-हंसाते डराया था। यह दिलचस्प फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।
'भूल भुलैया 2'
अनीस बाज्मी की यह फिल्म 2022 में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर छा गई थी। इस फिल्म के जरिए कोरोना काल के बाद पहली बार सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ जुटी थी। फिल्म ने कार्तिक आर्यन की कमाई और स्टारडम दोनों को बुलंदियों पर पहुंचा दिया था। इस फिल्म में कार्तिक और कियारा आडवाणी की जोड़ी नजर आई थी। इनके साथ तब्बू भी अहम भूमिका में थीं। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर देखी जा सकती है।
'स्त्री'
'स्त्री' 2018 में आई थी। इस फिल्म में राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिका में थे। इनके साथ अभिषेक बनर्जी, अपारशक्ति खुराना और पंकज त्रिपाठी ने दर्शकों को खूब हंसाया था। फिल्म का प्लॉट चंदेरी पर आधारित था, जिसमें श्रद्धा एक रहस्यमई लड़की के किरदार में नजर आई थीं। अमर कौशिक द्वारा निर्देशित इस फिल्म का सीक्वल अगले साल अगस्त में रिलीज होगा। 'स्त्री' का लुत्फ आप अमेजन प्राइम वीडियो पर ले सकते हैं।
'भेड़िया'
पिछले साल नवंबर में दिनेश की 'भेड़िया' रिलीज हुई थी। फिल्म में वरुण धवन और कृति सैनन मुख्य भूमिका में नजर आए थे। इनके साथ फिल्म में दीपक डोबरियाल और अभिषेक बनर्जी ने भी अहम किरदार निभाए थे। हंसाने-डराने के साथ ही फिल्म जंगल को लेकर बेहतरीन संदेश भी देती है। यह इंसान और प्रकृति के परस्पर संबंध पर एक शानदार फिल्म है। इस फिल्म का निर्देशन भी अमर कौशिक ने किया था। 'भेड़िया' जियो सिनेमा पर उपलब्ध है।
'फोन भूत'
गुरमीत सिंह द्वारा निर्देशित 'फोन भूत' में कैटरीना कैफ, ईशान खट्टर और सिद्धांत चतुर्वेदी मुख्य भूमिका में हैं। जैकी श्रॉफ ने फिल्म में विलेन का किरदार निभाया है। 'फोन भूत' दो दोस्तों, एक भूत और एक विलेन की कहानी है। फिल्म में ईशान और सिद्धांत के करिदारों को भूत दिखते हैं। वो भूत पकड़ने का व्यापार 'फोन भूत' शुरू करते हैं। यह फिल्म समीक्षकों को ज्यादा पसंद नहीं आई थी। अमेजन प्राइम वीडियो पर फिल्म देखी जा सकती है।