आरडी बर्मन की बायोपिक में दिखेंगे इमरान हाशमी? अभिनेता ने अब खुद अफवाहों पर लगाया पूर्णविराम
क्या है खबर?
इमरान हाशमी अपनी आगामी फिल्म 'आवारापन 2' को लेकर चर्चा में हैं। हालिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि उन्हें आरडी बर्मन की बायोपिक में कास्ट किया गया है, जिसमें फरहान अख्तर मुख्य किरदार में हैं। रिपोर्ट में आगे कहा गया कि इमरान इस बायोपिक में दिग्गज अभिनेता महमूद की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। सोशल मीडिया पर इन खबरों के तूल पकड़ने के बाद, आखिरकार इमरान ने अपनी चुप्पी तोड़ी और बायोपिक का हिस्सा बनने से साफ इनकार कर दिया।
प्रतिक्रिया
मुझसे बायोपिक के लिए संपर्क नहीं किया गया- इमरान
इमरान ने अपने एक्स अकाउंट पर अफवाहों का खंडन किया और बताया कि उनसे आरडी बर्मन की बायोपिक के लिए संपर्क नहीं किया गया है।
उन्होंने लिखा, 'स्पष्ट कर दूं कि बायोपिक में मेरे द्वारा महमूद साहब की भूमिका निभाने की खबरें झूठी हैं। मुझे इस फिल्म के लिए संपर्क नहीं किया गया है और ना ही मैं ये फिल्म कर रहा हूं।'
अभिनेता की इस प्रतिक्रिया ने सोशल मीडिया पर फैली अटकलों पर पूर्णविराम लगा दिया है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए पोस्ट
Just to clarify, the reports about me playing Mehmood saab in a biopic are untrue. I haven’t been approached for the film, nor am I doing it.
— Emraan Hashmi (@emraanhashmi) August 10, 2026
कास्टिंग
अक्षय कुमार हाेंगे बायोपिक का हिस्सा
इमरान ने भले बायोपिक का हिस्सा बनने की खबरों से इनकार कर दिया, लेकिन अक्षय कुमार इसमें अपने कैमियो को लेकर चर्चा बटोर रहे हैं।
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, वो बायोपिक में अपने ससुर और सुपरस्टार राजेश खन्ना का किरदार निभाएंगे। एक सूत्र ने बताया कि अपने किरदार को लेकर वह बेहद उत्साहित हैं।
हालांकि, अभिनेता ने इन खबरों पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
बता दें, फरहान अभिनीत आरडी बर्मन की बायोपिक का निर्देशन नीरज पांडे कर रहे हैं।