इमरान हाशमी ने बताया किसकी वजह से बने 'सीरियल किसर', बोले- 20 सालों तक भुगते नतीजे
क्या है खबर?
अभिनेता इमरान हाशमी फिल्म 'गनमास्टर G9' के जरिए एक बार फिर निर्देशक आदित्य दत्त के साथ काम कर रहे हैं। हालांकि, अभिनेता को उनसे कुछ शिकायतें भी हैं। पुणे में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान इमरान ने अपने करियर के शुरुआती दौर और पर्दे पर बनी 'सीरियल किसर' की छवि पर खुलकर बात की। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि उनकी नई फिल्म को खास तौर पर बड़े पर्दे पर रिलीज करने के लिए क्यों तैयार किया गया है।
बात
इमरान ने की अपनी 'सीरियल किसर' वाली छवि पर बात
इमरान ने बातचीत के दौरान 2000 के दशक की शुरुआत वाली अपनी छवि का जिक्र किया, जब उनकी रोमांटिक फिल्में अक्सर चर्चा में रहती थीं।
इमरान ने कहा, "ये ऐसी फिल्में थीं कि जब भी ये टीवी पर आती थीं, तो माता-पिता तय कर लेते थे कि अब बच्चों को सोने भेज देने का समय आ गया है। यह सब उन्हीं (आदित्य) की वजह से है। मैं पिछले 20 सालों से इसके नतीजे भुगत रहा हूं।"
चुनाव
इमरान ने क्यों चुनी 'गनमास्टर G9'?
इमरान ने 'आशिक बनाया आपने' के लगभग 21 साल बाद, निर्देशक आदित्य और संगीतकार हिमेश रेशमिया के साथ फिर से काम करने के बारे में भी बात की।
इमरान ने बताया, "मुझे लगता है कि जब हम दोबारा साथ काम करना चाहते थे, तो हमने कई कहानियों पर बात की थी, लेकिन हम इस बात को लेकर स्पष्ट थे कि जब भी हम किसी फिल्म के लिए साथ आएं, तो वह सिनेमा का एक जश्न होनी चाहिए।"
बात
'गनमास्टर G9' का बड़े पर्दे पर लेना चाहिए आनंद- इमरान
इमरान ने इस बारे में बात करते हुए आगे बताया, "जब लोग मिलकर काम करते हैं, तो 'गनमास्टर G9' जैसी फिल्म बहुत शानदार बनकर सामने आती है। यह एक ऐसी कमर्शियल फिल्म है कि जैसे ही आप थिएटर में कदम रखते हैं, आप पूरी तरह से इसकी दुनिया में रम जाते हैं। आप शुरू से अंत तक एंटरटेन होंगे। यह एक बड़ी फिल्म है, जिसे बड़े पर्दे पर ही आनंद लेना चाहिए।"
जानकारी
कब रिलीज होगी 'गनमास्टर G9'?
'गनमास्टर G9' को दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहीर ने मिलकर निर्मित किया है। इसको सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तुत किया गया है और SRE स्टूडियोज LLP ने बनाया है। यह 27 नवंबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।