Page Loader
एकता कपूर बनीं एमी पुरस्कार में सम्मानित होने वाली पहली भारतीय फिल्म निर्माता, मिलेगा डायरेक्टोरेट पुरस्कार
एकता कपूर को मिलेगा एमी डायरेक्टोरेट अवॉर्ड

एकता कपूर बनीं एमी पुरस्कार में सम्मानित होने वाली पहली भारतीय फिल्म निर्माता, मिलेगा डायरेक्टोरेट पुरस्कार

लेखन मेघा
Aug 29, 2023
08:16 pm

क्या है खबर?

बालाजी टेलीफिल्म्स की सह-संस्थापक एकता कपूर 'कंटेंट क्वीन' के नाम से पहचानी जाती हैं। एकता ने न सिर्फ छोटे पर्दे पर कई सीरियल का निर्माण किया है, बल्कि वह बड़े पर्दे पर भी बेहतरीन फिल्में लाकर अपनी काबिलियत साबित कर चुकी हैं। अब एकता ने अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। दरअसल, एकता एमी पुरस्कार में सम्मानित होने वाली पहली भारतीय फिल्म निर्माता बन गई हैं। एकता को जल्द ही एमी डायरेक्टोरेट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

खबर

पोस्ट साझा कर किया ऐलान

दुनिया के प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक अंतरराष्ट्रीय एमी पुरस्कार के विजेताओं की सूची जारी कर दी गई, जिसमें एकता का नाम भी शामिल है। इंस्टाग्राम पर एमी अवॉर्ड्स की ओर से एकता की तस्वीर साझा कर इसका ऐलान किया गया है। इसमें लिखा है, 'एकता को 51वें अंतरराष्ट्रीय एमी पुरस्कार समारोह में 2023 डायरेक्टोरेट पुरस्कार दिया जाएगा। टेलीविजन प्रोडक्शन पावरहाउस, बालाजी टेलीफिल्म्स की स्थापना के बाद से एकता भारत की एक प्रमुख हस्ती हैं।'

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखें पोस्ट

विस्तार

इस दिन मिलेगा पुरस्कार

एकता फॉर्च्यून इंडिया की एशिया की 50 सबसे शक्तिशाली महिलाओं में से एक हैं। साथ ही वह भारतीय टेलीविजन की एकमात्र महिला हैं, जिसे वैरायटी 500 की सबसे प्रभावशाली व्यापारिक लोगों की सूची में जगह मिली है। अब एकता को 20 नवंबर को न्यूयॉर्क में आयोजित होने वाले 51वें अंतरराष्ट्रीय एमी पुरस्कार में अंतरराष्ट्रीय एमी डायरेक्टोरेट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। एकता की इस सफलता पर इंडस्ट्री के सितारे और उनके दोस्त उन्हें बधाई दे रहे हैं।

बयान

एकता ने जताया आभार

एकता ने लिखा, 'यह सम्मान पाकर मैं प्रसन्नता से भर गई हूं। यह मेरे दिल में एक खास स्थान रखता है। इस प्रतिष्ठित मंच के माध्यम से विश्व स्तर पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करना शब्दों से परे, एक सम्मान है।' उन्होंने लिखा, 'टेलीविजन मेरी आत्म-खोज का मार्गदर्शक रहा है, खासकर एक महिला के रूप में महिलाओं के लिए कहानियां गढ़ने का। यह सम्मान मुझे उनके और वैश्विक मंच पर हमारी साझा उपलब्धियों के लिए खड़े होने की शक्ति देगा।'

विस्तार

कब शुरू हुआ बालाजी टेलीफिल्म्स?

बालाजी टेलीफिल्म्स की शुरुआत एकता ने अपने माता-पिता जितेंद्र और शोभा कपूर के साथ 1994 में की थी। यह दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा टेलीविजन सामग्री निर्माता है। एकता ने 'कहानी घर-घर की', 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' और कई अन्य लोकप्रिय शो बनाए हैं। उन्होंने ऑल्ट बालाजी के साथ OTT क्षेत्र में कदम रखा और सफल भी रहीं, लेकिन अब वह इससे अलग हो गई हैं। एकता ने बालाजी बैनर के तहत 45 फिल्मों का निर्माण किया है।