
एकता कपूर ने बताया क्यों 25 साल बाद लौट रहा 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी'
क्या है खबर?
इन दिनों अगर छोटे पर्दे का कोई धारावाहिक सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रहा है तो वो है 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2'। इसकी पहली झलक से लेकर कहानी और किरदार तक सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। दर्शक टीवी पर इस शो की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और उत्सुकता होना भी जायज है, क्योंकि 25 साल बाद यह लोकप्रिय शो लौट रहा है। हाल ही में निर्माता एकता कपूर ने इस पर बात की।
खुलासा
पहले शो का दूसरा सीजन लाने में झिझक रही थीं एकता
एकता ने सोशल मीडिया पर बताया कि आखिर क्यों इतने लंबे समय बाद अब वह ये शो लेकर आ रही हैं। उन्होंने लिखा, 'जब 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' के 25 साल पूरे होने वाले थे और इसे फिर लॉन्च करने का विचार सामने आया तो मेरी पहली प्रतिक्रिया थी, नहीं! मैं क्यों उन पुरानी यादों को छेड़ना चाहूंगी? मैं अपने बचपन को जैसे याद करती हूं और वो वास्तव में वैसा ही था। वो हमेशा अलग रहेगा।'
सवाल
एकता के मन में आए ये सवाल
एकता आगे लिखती हैं, 'टीवी की दुनिया अब बदल चुकी है। जो कभी सिर्फ 9 शहरों पर निर्भर थी, अब दर्शक अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर बिखरे हुए कंटेंट को टुकड़ों में देखते हैं। क्या यह बदलाव 'क्योंकि' की उस ऐतिहासिक TRP को हिला पाएगा, जिसे पहले और बाद में कोई नहीं छू सका? लेकिन क्या यही इस शो की असली विरासत थी? क्या ये सिर्फ एक सबसे ज्यादा TRP वाला शो था?
उपलब्धि
ये सिर्फ एक डेली सोप नहीं था- एकता
एकता ने लिखा, 'इस शो ने भारतीय घरों की महिलाओं को आवाज दी। साल 2000 से 2005 के बीच पहली बार ऐसा हुआ कि महिलाएं परिवार की बातचीत का हिस्सा बनने लगीं। इसने भारत की कहानी कहने की परंपरा को पूरी दुनिया तक पहुंचाया। ये सिर्फ एक डेली सोप नहीं था, बल्कि इसने घरेलू शोषण, उम्र को लेकर ताने, और इच्छा मृत्यु जैसे मुद्दों को घर-घर में चर्चा का विषय बना दिया। यही थी उस कहानी की असली विरासत।'
ट्विटर पोस्ट
एकता कपूर का पोस्ट
Indian Television Producer Ekta Kapoor posts on Instagram, "When the 25th year of 'Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi' was approaching and the idea of relaunching it surfaced, my first reaction was a firm no! Why would I want to shake up nostalgia? You can never compete with… pic.twitter.com/td7ZUeUmZ8
— IANS (@ians_india) July 10, 2025
जवाब
एकता को खुद ही मिल गया जवाब
एकता लिखती हैं, 'क्या हम उन मुद्दों पर बात कर सकते हैं, जिनसे हम आज भी कतराते हैं? क्या हम भारत के सबसे पसंदीदा प्लेटफॉर्म, टेलीविजन का इस्तेमाल ऐसी कहानी कहने के लिए कर सकते हैं, जो लोगों से जुड़े और शायद उतना ही सिखाए, जितना मनोरंजन दे? क्या हम वो समय वापस ला सकते हैं, जब पूरा परिवार डिनर टेबल पर बैठकर बातें किया करता था? जब मैंने खुद से ये सवाल किया तो जवाब भी खुद-ब-खुद मिल गया।'
जानकारी
रिलीज हो चुका शो का प्रोमो
निर्माता इस शो का पहला प्रोमो शेयर कर चुके हैं, जिसमें तुलसी वीरानी यानी स्मृति ईरानी का लुक आ चुका है। वर्षों बाद एक बार फिर तुलसी वीरानी अपने चिर-परिचित अंदाज में दर्शकों के सामने आई हैं। शो का पहला एपिसोड 29 जुलाई को आएगा।