Page Loader
'एक बदनाम आश्रम..' से 'सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव' तक, इस हफ्ते देखिए ये वेब सीरीज और फिल्में

'एक बदनाम आश्रम..' से 'सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव' तक, इस हफ्ते देखिए ये वेब सीरीज और फिल्में

Feb 27, 2025
06:35 pm

क्या है खबर?

फरवरी का आखिरी हफ्ता चल रहा है। मनोरंजन के लिहाज से इस हफ्ते पर सिनेमाघरों और OTT पर धमाल मचने वाला है। इस बीच कुछ ऐसी फिल्में और वेब सीरीज आपके बीच आ रही हैं, जिनका इंतजार बेसब्री से किया जा रहा था। इनके जरिए एक्शन से लेकर रोमांच और रोमांस तक का भरपूर पूरा डोज मिलने वाला है। आइए जानते हैं इस हफ्ते आपके लिए क्या कुछ है खास।

#1

'सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव'

रीमा काग्ती के निर्देशन में बनी यह फिल्म जज्बाती और मजेदार है। कुछ फिल्में सिर्फ फिल्में नहीं, बल्कि ऐसी भावनाओं की तरह होती हैं, जो देखने वालों के जहन में बस जाती हैं और उन्हें भुला पाना आसान नहीं होता है। 'सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव' उन्हीं फिल्मों में से एक है। आदर्श गौरव, शशांक अरोड़ा और विनीत कुमार ने फिल्म में शानदार काम किया है। यह फिल्म 28 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

#2

'क्रेजी'

'तुम्बाड' जैसी हिट फिल्म देने वाले सोहम शाह अब 'क्रेजी' लेकर आ रहे हैं। उनकी इस फिल्म के ट्रेलर ने इसे लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी थी। यह एक जबरदस्त इमोशनल थ्रिलर फिल्म होने वाली है, जो पहले कभी नहीं देखी गई। 'क्रेजी' एक पिता की कहानी बयां करती है, जो अपनी जिंदगी के सबसे बुरे दिन पर खुद को सुधारने की कोशिश करता है। यह फिल्म 28 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

#3

'एक बदनाम आश्रम सीजन 3 पार्ट 2'

चेहरे पर मासूम‍ियत, लेकिन इरादों में हैवानियत लिए बाबा निराला 'आश्रम सीजन 3 पार्ट 2' के साथ लौट आए हैं। एक बार फिर बॉबी देओल के 'बदनाम आश्रम' की उथल-पुथल भरी दुनिया हमारे सामने है, जहां उनका अजेय साम्राज्य टूटने की कगार पर है। चंदन रॉय सान्याल और आदिति पोहनकर ने भी सीरीज में दमदार वापसी की है। 'आश्रम सीजन 3 पार्ट 2' 27 फरवरी से अमेजन MX प्लेयर पर स्ट्रीम हो रहा है।

#4

'डब्बा कार्टेल'

नेटफ्लिक्स वेब सीरीज 'डब्बा कार्टेल' लेकर आ रहा है। ये कहानी है 1960 के दशक की बम्‍बई की, जहां 5 आम महिलाएं अपनी साधारण सी लंचबॉक्स डिलीवरी सर्विस चलाती हैं, लेकिन असल में यह ड्रग कार्टेल का साम्राज्य है। अपराध की ऐसी खतरनाक दुनिया, जहां इन औरतों का जोर चलता है। शबाना आजमी, ज्योतिका, निमिषा सजयन, शालिनी पांडे, अंजलि आनंद, साईं ताम्हणकर, गजराज राव, जीशु सेनगुप्ता और लिलेट दुबे अभिनीत यह सीरीज 28 फरवरी से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।

जानकारी

'जिद्दी गर्ल्स'

जिद्दी लड़कियों के जोश और जुनून की कहानी आपको वेब सीरीज 'जिद्दी गर्ल्स' में देखने को मिलेगी। ये वो लड़कियां हैं, जो अपने हक के लिए आवाज उठाना भी जानती हैं। 'जिद्दी गर्ल्‍स' 27 फरवरी से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है।