'दृश्यम: द कन्क्लूजन' के बाद नए रूप में आगे बढ़ेगी फ्रेंचाइजी, क्या है निर्माताओं की योजना?
क्या है खबर?
अजय देवगन ने अपनी 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी की तीसरी कड़ी 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' का ऐलान कर दिया है। हाल ही में, उन्होंने फिल्म से अपने साथ-साथ अन्य कलाकारों की पहली झलक साझा की थी। तब से माना जा रहा है कि तीसरी किस्त कहानी को उसके निर्णायक अंत तक ले जाएगी। ताजा अपडेट है कि निर्देशक अभिषेक पाठक और निर्माता कुमार मंगत पाठक इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं, लेकिन एक नई कहानी के साथ।
योजना
क्या आगे बरकरार रहेगी 'दृश्यम' की दुनिया?
मिड-डे से बातचीत में एक सूत्र ने कहा, "कुमार मंगत और अभिषेक ने फैसला किया है कि 'दृश्यम 3' के साथ विजय सालगांवकर और उनके परिवार की आकस्मिक हत्या और उसे छुपाने की सालों पुरानी कहानी का अंत हो जाएगा। लेकिन उन्होंने दृश्यम टाइटल भी रजिस्टर करवा लिया है। अभी सब कुछ अटकलों के दौर में है, लेकिन वे इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि विजय सालगांवकर के नाम से ही फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाया जा सकता है।"
तैयारी
नई कहानी के साथ नए किरदारों पर दांव?
सूत्र ने आगे कहा, "हालांकि, यह एक नया किरदार होगा और कहानी एक नई दुनिया में सेट होगी। कहानी और बाकी किरदार भी नए होंगे।"
अटकलें हैं कि अगर फ्रेंचाइजी का चौथा भाग बनता है, तो यह पिछली फिल्मों की तरह ही एक थ्रिलर फिल्म होगी। फिलहाल सबकुछ निर्माताओं की आधिकारिक पुष्टि पर निर्भर करेगा।
बता दें, 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' 2 अक्टूबर, 2026 को रिलीज हो रही है। इसमें तब्बू, श्रिया सरन और जयदीप अहलावत समेत कई कलाकार मौजूद हैं।