माधुरी की शोहरत के सहारे नहीं जीते नेने, बोले- अमेरिका में उन्हें कोई नहीं जानता था
क्या है खबर?
बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में शुमार माधुरी दीक्षित और डॉ. श्रीराम नेने का रिश्ता आपसी सम्मान और प्यार की मिसाल है। पहली मुलाकात के समय डॉ. नेने माधुरी की भारत में अपार स्टारडम से पूरी तरह अनजान थे। इसी सादगी ने दोनों को एक-दूसरे की शोहरत के बजाय इंसान के रूप में समझने का मौका दिया। यही वजह है कि आज भी उनका रिश्ता शाेहरत से दूर आपसी समझ और बराबरी पर टिका हुआ है।
जवाब
माधुरी के नाम पर जीने के तानों पर नेने का तीखा पलटवार
डॉ. श्रीराम नेने ने CNBC-TV18 को दिए इंटरव्यू में पत्नी की शोहरत पर जीने के तानों का करारा जवाब दिया।
उन्होंने साफ कहा, "अमेरिका में उन्हें कोई नहीं जानता था और मैं वहां का नामी हार्ट सर्जन था। हालांकि, भारत में माधुरी का कद बेहद अलग स्तर पर है और मुझे उन पर बेहद गर्व है। उनके स्टारडम ने मुझे कभी असहज महसूस नहीं कराया।"
डॉ. नेने ने स्पष्ट किया कि दोनों ने अपनी मेहनत से पहचान बनाई है।
असुरक्षा
माधुरी दीक्षित के स्टारडम से नहीं लगा डर
नेने ने साफ किया कि माधुरी जैसी बड़ी स्टार से शादी करने पर भी उन्होंने कभी असुरक्षा महसूस नहीं की। उन्होंने कहा, "मुझे उन पर गर्व है।"
उनका मानना है कि एक बराबरी के रिश्ते के लिए दोनों पार्टनर्स को अपनी उपलब्धियों पर आत्मविश्वासी होना जरूरी है।
नेने ने जोर दिया कि दोनों अपनी-अपनी जगह स्थापित थे, जिससे उनकी शादी की नींव स्टारडम पर नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति इंसान के रूप में सम्मान और बराबरी पर टिकी है।
सीख
"पद नहीं, हर इंसान को सम्मान देना जरूरी"
श्रीराम नेने ने बताया कि उनकी और माधुरी की मध्यम वर्गीय परवरिश ही उनके जमीन से जुड़े रहने की असली वजह है।
उनका मानना है कि किसी के पद के बजाय हर इंसान को इज्जत देना सबसे ज्यादा मायने रखता है।
उन्होंने कहा, "ऊपर से लेकर नीचे तक हर व्यक्ति को सम्मान देना और अपनी परवरिश को याद रखना बेहद जरूरी है। हमारे मध्यम वर्गीय बैकग्राउंड हमारे लिए वरदान साबित हुआ, जिसने हमें आज भी जमीन पर बनाए रखा है।"
तारीफ
वो सदियों में एक बार पैदा होने वाला हुनर हैं- नेने
नेने ने पत्नी माधुरी की तारीफ करते हुए उन्हें अद्भुत प्रतिभा की धनी बताया। उन्होंने कहा, "वो सदियों में एक बार पैदा होने वाला हुनर हैं। जब आप उनसे मिलेंगे तो जरा भी नहीं लगेगा कि उन्होंने जीवन में इतनी बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं।"
साल 1999 में अमेरिका में शादी के बाद माधुरी ने परिवार के लिए अभिनय से दूरी बना ली थी। आज ये जोड़ी अपने 2 बेटों, अरिन और रयान के साथ खुशहाल जीवन बिता रही है।