'हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम' पर ठीक हुआ डॉली पार्टन का 'स्टार', अब नई चमक के साथ वापसी
मशहूर अमेरिकी गायिका डॉली पार्टन के 'हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम' पर लगे स्टार को नुकसान पहुंचने के बाद अब पूरी तरह ठीक कर दिया गया है। यह स्टार साल 1984 में लगाया गया था, जिसमें हाल ही में एक बड़ी दरार आ गई थी और ये टूट गया था। अब इसे पूरी तरह से नया रूप दे दिया गया है और इसे प्रशंसकों के लिए खोल दिया गया है।
हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम की निर्माता एना मार्टिनेज ने खुशी जताते हुए कहा, "हमारी डॉली वापस आ गई हैं। हॉलीवुड इस बात से बेहद खुश है कि उनका स्टार अब बिल्कुल नई चमक के साथ लौट आया है, ताकि फैन्स उनके इस सम्मान को देख सकें।"
नैशविले और लंदन में होगा भव्य आयोजन
डॉली पार्टन के ऐतिहासिक जीवन का जश्न मनाने के लिए 'डॉलीफ्रेस्ट 2027' का ऐलान किया गया है। ये बड़ा संगीत फेस्टिवल 2027 में नैशविले और लंदन में आयोजित होगा। हालांकि, 2025 में स्वास्थ्य चिंताओं के कारण डॉली ने बड़े कॉन्सर्ट टूर्स से दूरी बना ली थी। इसके बावजूद अपने शानदार गानों और जिंदादिली से राज करने वाली डॉली के इस भव्य उत्सव को लेकर फैंस बेहद उत्साहित हैं।