कई बॉलीवुड अभिनेत्रियां हैं प्रोडक्शन कंपनियों की मालकिन, क्या आपको पता हैं इनके नाम?
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेत्रियों की प्रतिभा अब सिर्फ कैमरे का सामने तक नहीं सीमित है, बल्कि वे कई अन्य क्षेत्रों में भी हाथ आजमा रही हैं।
हाल ही में कृति सैनन ने अपने प्रोडक्शन हाउस 'ब्लू बटरफ्लाई फिल्म्स' की शुरुआत की है। कृति से पहले बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियां इस क्षेत्र में कदम रख चुकी हैं।
हम आपको कुछ प्रोडक्शन हाउस के नाम बताते हैं। देखिए कि क्या आपको पता हैं कि इन कंपनियों की मालकिन कौन हैं।
#1
आउटसाइडर्स फिल्म्स
'आउटसाइडर्स फिल्म्स' ने पिछले साल आई फिल्म 'ब्लर' का निर्माण किया था। 'ब्लर' इस प्रोडक्शन हाउस की पहली फिल्म थी। हॉरर-थ्रिलर फिल्म 'ब्लर' पिछले साल दिसंबर में ZEE5 पर आई थी। फिल्म में तापसी पन्नू मुख्य किरदार में नजर आई थीं। अब यह कंपनी वायाकॉम 18 के साथ 'धक धक' बना रही है, जिसमें दीया मिर्जा, फातिमा सना शेख नजर आएंगी।
बताइए यह कंपनी किस अभिनेत्री की है?
'आउटसाइडर्स फिल्म्स' को 2021 में तापसी पन्नू ने लॉन्च किया था।
#2
एटरनल सनशाइन
पिछले साल नेटफ्लिक्स पर आई फिल्म 'डार्लिंग्स' काफी चर्चा में थी। इस फिल्म में आलिया भट्ट, शेफाली शाह और विजय वर्मा मुख्य भूमिका में नजर आए थे। यह फिल्म घरेलू हिंसा पर अनोखे तरीके से चोट करती है।
इस फिल्म को एटरनल सनशाइन ने शाहरुख खान की रेड चिलीज के साथ मिलकर बनाया था।
क्या आप जानते हैं इस प्रोडक्शन कंपनी की मालकिन कौन हैं?
कोई और नहीं, बल्कि खुद आलिया ने इस कंपनी को 2021 में शुरु किया था।
#3
मणिकर्णिका फिल्म्स
इस कंपनी की मालकिन के बारे में तो आप जानते ही होंगे। अगर नहीं, तो हम आपको हिंट देते हैं। हाल ही में इस प्रोडक्शन हाउस की फिल्म 'टीकू वेड्स शेरू' अमेजन प्राइम वीडियो पर आई है। इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और अवनीत कौर नजर आए हैं।
अगर अब भी आपको जवाब नहीं मालूम तो बता दें 'मणिकर्णिका फिल्म्स' बॉलीवुड की क्वीन कंगना रनौत की है। कंगना ने 2020 में इस कंपनी की शुरुआत की थी।
#4
KA प्रोडक्शन्स
बताइए, मेघना गुलजार की 'छपाक' और रणवीर सिंह की '83' को किस अभिनेत्री ने प्रोड्यूस किया था?
इन फिल्मों का निर्माण KA प्रोडक्शन्स ने किया था। इस प्रोडक्शन हाउस की अगली फिल्म 'द इंटर्न' की रीमेक है, जिसमें अमिताभ बच्चन और नीना गुप्ता नजर आएंगे।
क्या आपको मालूम है ये प्रोडक्शन हाउस किस बॉलीवुड अभिनेत्री का है?
KA प्रोडक्शन्स दीपिका पादुकोण का है। इसे 2018 में उन्होंने अपनी बहन अनीशा पादुकोण के साथ मिलकर शुरू किया था।
#5
पर्पल पेबल पिक्चर्स
2015 में पर्पल पेबल पिक्चर्स की शुरुआत हुई थी। यह कंपनी गंभीर और सामाजिक विषयों पर फिल्में बनाने के लिए जानी जाती है। 2016 में कंपनी की फिल्म 'वेंटिलेटर' और 2019 में मराठी फिल्म 'पानी' को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था।
यह कंपनी लोकप्रिय फिल्म 'द स्काई इज पिंक' की सह निर्माता है।
क्या आपने कभी पढ़ा है 'पर्पल पेबल पिक्चर्स' किस अभिनेत्री का है?
आप खुद को शाबाशी दे सकते हैं, अगर आपका जवाब प्रियंका चोपड़ा है।