'तारक मेहता' में दयाबेन बनने से अलग इन फिल्मों में काम कर चुकी हैं दिशा वकानी
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में दयाबेन बनकर अभिनेत्री दिशा वकानी घर-घर की चहेती बन गईं। दिशा ने 2017 में अपनी प्रेग्नेंसी के कारण शो से ब्रेक लिया था और तभी से वह इस शो का हिस्सा नहीं हैं। हाल में वह दूसरी बार मां बनी हैं, इसलिए उनकी वापसी की गुंजाइश खत्म हो जाती है। आज (17 अगस्त) वह अपना 44वां जन्मदिन मना रही हैं। आइए जानते हैं कि 'तारक मेहता' से पहले उन्होंने किन-किन फिल्मों में काम किया।
जोधा अकबर
दर्शकों को दिशा के फिल्मी सफर के बारे में कम ही पता होगा। वह 2008 में रिलीज हुई फिल्म 'जोधा अकबर' में नजर आ चुकी हैं। इस फिल्म में ऐश्वर्या राय और ऋतिक रोशन मुख्य भूमिकाओं में दिखे थे। फिल्म बड़े पर्दे पर सुपरहिट साबित हुई थी। इसमें दिशा ने ऐश्वर्या की नौकरानी माधवी की भूमिका निभाई थी। उनके किरदार को फैंस ने पसंद किया था। इतिहास पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया था।
देवदास
प्रेम कहानी पर आधारित ब्लॉकबस्टर फिल्म 'देवदास' में भी दिशा की झलक दिखी थी। संजय लीला भंसाली ने इसका निर्देशन किया था। इसे बॉलीवुड की सबसे प्रतिष्ठित फिल्मों में से एक माना जाता है। शाहरुख खान ने इस फिल्म में शानदार अभिनय किया था। फिल्म में ऐश्वर्या और माधुरी दीक्षित को भी देखा गया था। इसमें दिशा ने सखी का किरदार अदा किया था। इसकी कहानी प्रेम और विरह के इर्दगिर्द घूमती है।
मंगल पांडे: द राइजिंग
दिशा के खाते में देशभक्ति पर आधारित फिल्म 'मंगल पांडे: द राइजिंग' भी है। फिल्म भारतीय क्रांतिकारी मंगल पांडे के जीवन पर आधारित है, जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता के लिए लड़ाई लड़ी थी। केतन मेहता के निर्देशन की इस फिल्म में आमिर खान ने मंगल पांडे का किरदार अदा किया था। यह 2005 में रिलीज हुई थी और साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक थी। इसमें दिशा ने वेश्या का छोटा सा किरदार निभाया था।
लव स्टोरी 2050
प्रियंका चोपड़ा और हरमन बावेजा की 'लव स्टोरी 2050' में दिशा ने काम किया था। यह रोमांटिक फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई थी। इस फिल्म में भी उन्होंने एक नौकरानी की भूमिका को भलिभांति निभाया था। फिल्म 2008 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। दिलचस्प बात यह है कि इसी साल दिशा ने 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में दयाबेन बनकर अपनी जबरदस्त एंट्री मारी थी। फिर इस शो ने उन्हें बुलंदियों पर पहुंचा दिया।
आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया
'आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया' में दिशा के निभाए किरदार को भला कौन भूल सकता है। एक हाउस वाइफ की भूमिका में उन्होंने लोगों का दिल जीत लिया था। इसमें उनके साथ दिग्गज अभिनेता गोविंदा नजर आए थे। इसमें जॉनी लीवर, जूही चावला और तब्बू जैसे सितारों ने लोगों को खूब हंसाया था। यह कॉमेडी फिल्म 2001 में दर्शकों के बीच आई थी। दिशा के फैंस को यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए।