क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' का महा-धमाका, पहले वीकेंड में ही कमाई 2,000 करोड़ के पार
क्रिस्टोफर नोलन की नई फिल्म 'द ओडिसी' ने अपने पहले ही वीकेंड में दुनियाभर से करीब 2,178 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई करके एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। ये नोलन के करियर की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग है, जिसने उनकी पिछली सुपरहिट फिल्मों 'ओपेनहाइमर' और 'द डार्क नाइट राइजेस' को भी पीछे छोड़ दिया है। इस फिल्म ने अकेले उत्तरी अमेरिका से करीब 1,056 करोड़ और बाकी दुनियाभर के अलग-अलग देशों से लगभग 1,122 करोड़ जुटाए हैं।
'द ओडिसी' ने भारत में 2 दिन में कमाए इतने करोड़
भारत में भी फिल्म का प्रदर्शन शानदार रहा है। पहले दिन 'द ओडिसी' ने 17.4 करोड़ रुपये कमाए और दूसरे दिन इसमें 26.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे इसकी कमाई 22 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इस तरह, सिर्फ 2 दिनों में 8,791 शो के साथ फिल्म ने कुल 39.4 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया। यह फिल्म होमर के क्लासिक महाकाव्य पर आधारित है, जिसे नोलन ने खुद लिखा और निर्देशित किया है। इसमें मैट डैमन, टॉम हॉलैंड, ऐनी हैथवे और रॉबर्ट पैटिनसन ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।