
डिनो मोरिया ने 23 साल बाद खोला राज, बताया क्यों हुआ था बिपाशा बसु से ब्रेकअप
क्या है खबर?
बॉलीवुड में बिपाशा बसु और डिनो मोरिया की जोड़ी को खूब प्यार मिला था। एक ओर फिल्म राज में उनकी केमिस्ट्री को काफी सराहा गया, वहीं असल में भी दोनों के अफेयर की खबरों से गपशप गली गुलजार रही।
कुछ समय पहले राज के निर्देशक विक्रम भट्ट ने बताया था कि डिनो और बिपाशा के ब्रेकअप से सेट पर कैसा माहौल था और अब खुद डिनो ने इस पर बात की और बताया कि ब्रेकअप की वजह क्या थी।
खुलासा
ब्रेकअप का फैसला मेरा ही था- डिनो
पिंकविला को दिए हालिया इंटरवयू में डिनो ने बताया, "ईमानदारी से बताऊं तो बिपाशा से ब्रेकअप का फैसला मैंने ही लिया था, लेकिन इस ब्रेकअप को बिपाशा के लिए मानना बहुत मुश्किल था। ब्रेकअप के तुरंत बाद फिल्म की शूटिंग करना भी आसान नहीं था। 'राज' की शूटिंग के दौरान मैंने खुद इस रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया, क्योंकि हमारे बीच कुछ समस्याएं थीं। बिपाशा इस ब्रेकअप को स्वीकार नहीं कर पा रही थीं।"
आहत
बिपाशा की हालत देख बुरा लगता था- डिनो
डिनो बोले, "बिपाशा के लिए इसे स्वीकार करना बहुत मुश्किल था। वह खुद को संभाल नहीं पा रही थीं, लेकिन शूटिंग के चलते हमें रोज एक-दूसरे से सेट पर मिलना पड़ता था। बिपाशा बहुत परेशान थीं और मैं रोज सेट पर उन्हें ऐसे देखता था। ये बहुत मुश्किल समय था, क्योंकि मैं उनकी बहुत परवाह करता था। हमने अपने रिश्ते को बचाने की भी कोशिश की, लेकिन जब चीजें सही नहीं हो पाईं तो मैंने आगे बढ़ने का फैसला किया।"
बयान
डिनो बोले- जानता था समय सब घाव भर देता है
डिनो कहते हैं, "इस दौरान हम दोनों को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अलग होने का फैसला मेरे लिए भी आसान नहीं था, लेकिन मुझे यकीन था कि वक्त के साथ सब ठीक हो जाएगा। हम दोनों बहुत दुखी थे, लेकिन हमें अलग होना पड़ा। उस समय ये बहुत मुश्किल था, लेकिन समय से बढ़कर कोई दवा नहीं। समय सब घाव भर देता है। बस उसे गुजरने देना होता है। मुश्किल दौर में धैर्य रखना सबसे जरूरी होता है।"
रिश्ता
बरकरार है डिनो-बिपाशा की दोस्ती
डिनो बोले, "जब आप इस दौर से गुजर रहे होते हैं, तो बहुत तकलीफ होती है, लेकिन समय पर भरोसा रखना चाहिए, क्योंकि यही सबसे बड़ा मरहम है। धीरे-धीरे सब ठीक हो जाता है और हालात पहले जैसे नहीं रहते।"
डिनो ने ये भी बताया कि समय के साथ उनके और बिपाशा के बीच की कड़वाहट खत्म हो गई और वे अच्छे दोस्त बन गए।
डिनो-बिपाशा की दोस्ती आज भी बरकरार है और दोनों एक-दूसरे की कंपनी पसंद करते हैं।
मुलाकात
कैसे मिले थे डिनाे और बिपाशा?
बता दें कि डिनो और बिपाशा एक समय अच्छे रिश्ते में थे। दोनों की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए मॉडलिंग के दिनों में हुई थी। उनकी दोस्ती हुई और फिर धीरे-धीरे प्यार हो गया। उन्होंने 6 साल तक एक-दूसरे को डेट किया था।
बता दें कि फिल्म 'राज' 2002 में रिलीज हुई थी। महेश भट्ट ने इस फिल्म की कहानी लिखी थी और मुकेश भट्ट फिल्म के निर्माता थे। फिल्म और इसके गाने दोनों ही जबरदस्त हिट हुए थे।