दिलजीत की 'सतलुज' 48 घंटे में ZEE5 से बाहर, कंवलजीत सिंह बोले- ये अभिव्यक्ति की आजादी का गला घोंटना है
दिग्गज अभिनेता कंवलजीत सिंह, दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' को ZEE5 प्लेटफॉर्म से महज 48 घंटे के भीतर हटाए जाने पर बेहद नाराज हैं। उन्होंने इस कदम की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे 'अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का गला घोंटना' करार दिया है। कंवलजीत सिंह ने सवाल उठाया कि आखिर ऐतिहासिक और सच्ची कहानियों को दर्शकों के सामने लाने में इतना विवाद क्यों खड़ा किया जाता है?
आपको बता दें कि इस फिल्म का नाम पहले 'पंजाब 95' था। ये फिल्म 3 साल के लंबे इंतजार और सेंसर बोर्ड (CBFC) द्वारा बताए गए 127 कट्स के बाद जैसे-तैसे OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो पाई थी, लेकिन अब इसे ये कहकर अचानक हटा दिया गया है कि फिल्म कुछ जरूरी सर्टिफिकेशन (प्रमाणन) नियमों को पूरा नहीं कर पा रही थी।
दर्शकों से की इसे 'ऐतिहासिक फिल्म' की तरह देखने की अपील
कंवलजीत सिंह ने फिल्म हटाए जाने के इस फैसले को 'हैरान करने वाला' बताया। उन्होंने यह भी बताया कि 'सतलुज' को पहले से ही बहुत परेशानी झेलनी पड़ी है, जिसमें कनाडा के एक फिल्म फेस्टिवल से हटाए जाना भी शामिल है। उन्होंने सभी दर्शकों से गुजारिश की कि वे इस फिल्म को वैसे ही देखें, जैसे किसी भी दूसरी ऐतिहासिक फिल्म को देखते हैं और कहा कि 'समय बहुत कुछ ठीक कर देता है।' फिलहाल के लिए 'सतलुज' भारत में किसी भी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं है।