LOADING...
दिलजीत दोसांझ को बड़ा झटका, भारत के बाद Zee5 इंटरनेशनल से भी बाहर हुई फिल्म 'सतलुज' 
दिलजीत दोसांझ की 'सतलुज' पर बड़ी गाज

दिलजीत दोसांझ को बड़ा झटका, भारत के बाद Zee5 इंटरनेशनल से भी बाहर हुई फिल्म 'सतलुज' 

Jul 11, 2026
04:56 pm

क्या है खबर?

दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' पर बड़ी गाज गिरी है। भारत में बैन का सामना कर रही इस फिल्म को अब ZEE5 इंटरनेशनल से भी डिलीट कर दिया गया है। भारतीय अधिकारियों की कार्रवाई के बाद OTT प्लेटफॉर्म ने वैश्विक दर्शकों के लिए भी इस फिल्म का प्रसारण बंद कर दिया है। इसका मतलब है कि अब भारत के साथ-साथ विदेशों में रहने वाले दर्शक भी इस फिल्म को Zee5 पर नहीं देख पाएंगे।

पुष्टि

निर्देशक हनी त्रेहान ने की पुष्टि

दिलजीत के अभिनय से सजी और निर्देशक हनी त्रेहान की फिल्म 'सतलुज' को प्लेटफॉर्म से हटाए जाने के 1 हफ्ते बाद अब Zee5 की इंटरनेशनल लाइब्रेरी से भी पूरी तरह हटा दिया गया है। रिपोर्टों के अनुसार, ये बड़ी कार्रवाई मंगलवार शाम को हुई। एक इंटरव्यू में बातचीत के दौरान निर्देशक हनी त्रेहान ने Zee5 इंटरनेशनल से फिल्म को पूरी तरह हटाए जाने की पुष्टि की और सीधे शब्दों में सिर्फ 'हां' कहा।

विवाद

127 कट्स की मांग से लेकर IMDb रेटिंग हटने तक

ZEE5 से अचानक हटाए जाने के कुछ दिनों बाद इसकी IMDb यूजर रेटिंग भी हटा दी गई थी, जिससे विवाद और बढ़ गया। इस फिल्म का मूल शीर्षक 'पंजाब '95' था। निर्माताओं ने पहले आरोप लगाया था कि सेंसर बोर्ड (CBFC) ने फिल्म में 127 कट्स की मांग की थी। 'सतलुज' का प्रीमियर 2023 में टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी होना था, लेकिन भारतीय अधिकारियों की कथित आपत्तियों के बाद इसकी स्क्रीनिंग रद्द कर दी गई थी।

Advertisement

रिलीज

बिना प्रचार के रिलीज हुई थी 'सतलुज'

बिना किसी प्रमोशन के 3 जुलाई को फिल्म ZEE5 पर रिलीज हुई थी। जैसे ही इसकी तारीफें शुरू हुईं, इसे प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। आतंकवाद के दौर में पंजाब में हुए कथित फर्जी एनकाउंटर और अवैध सामूहिक दाह-संस्कार के खिलाफ मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के संघर्ष को दिखाने के लिए यह फिल्म चर्चा में बनी रही। हालांकि, प्लेटफॉर्म ने स्पष्ट कारण बताए बिना कहा कि मौजूदा घटनाक्रमों के चलते फिल्म फिलहाल स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध नहीं है।

Advertisement