Loading...
बम की धमकी के बावजूद होगा दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट, बेंगलुरु में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
धमकी के बावजूद नहीं टलेगा दिलजीत दोसांझ का शो

बम की धमकी के बावजूद होगा दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट, बेंगलुरु में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Nov 29, 2026
10:45 am

क्या है खबर?

बेंगलुरु में होने वाले अपने कॉन्सर्ट को लेकर बम की धमकी मिलने के बावजूद गायक दिलजीत दोसांझ ने तय कार्यक्रम के अनुसार शो करने का फैसला किया है। ये कार्यक्रम उनके 'ऑरा इंडिया टूर 2026' का हिस्सा है और रविवार (29 नवंबर) को मादावारा स्थित नाइस ग्राउंड्स में आयोजित होगा। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने कार्यक्रम स्थल और मादावारा मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

चेतावनी

दिलजीत के कॉन्सर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी

बेंगलुरु पुलिस ने कॉन्सर्ट स्थल पर बम धमाके की चेतावनी देने वाले धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है।

ये ईमेल 9 नवंबर को हुबली-धारवाड़ नगर निगम (HDMC) आयुक्त के आधिकारिक इनबॉक्स में भेजा गया था।

इसमें चेतावनी दी गई थी कि कॉन्सर्ट स्थल और पास के मादावारा मेट्रो स्टेशन पर IED धमाका होगा, साथ ही लोगों को कार्यक्रम में बच्चों को न लाने और लावारिस आईफोन को न छूने की सलाह दी गई थी।

पुष्टि

धमकी भरे ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का जिक्र

रिपोर्ट के मुताबिक, ईमेल के आखिर में 'खालिस्तान जिंदाबाद' लिखा था। कुछ खबरों में ये भी कहा गया कि इसमें बब्बर खालसा (परमार-कनाडा) नाम के प्रतिबंधित संगठन का जिक्र था।

पुलिस के नॉर्थ-वेस्ट कंट्रोल रूम को 9 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे इस ईमेल के बारे में पता चला।

इसके बाद पुलिस ने आयोजन स्थल (BIEC) के लोगों से बात की और पक्का किया कि कार्यक्रम तय समय पर ही होगा, जिस पर प्रबंधन ने भी हामी भर दी।

ADVERTISEMENT

जांच जारी

अज्ञात लोगों पर केस दर्ज, IP एड्रेस खंगाल रही पुलिस

मदानायकनहल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर शिवराज एमजे की शिकायत के बाद नॉर्थ CEN पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

ये मामला IT एक्ट की धारा 66 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(4) (धमकी देने) व 353(1)(b) (जनता में गड़बड़ी या शरारत फैलाने) के तहत दर्ज हुआ है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस उस ईमेल अकाउंट के IP एड्रेस का पता लगा रही है, जिससे ये मेल भेजा गया था।

ADVERTISEMENT

धमकियां

दिलजीत के टूर को पहले भी मिलीं बम धमकियां

दिलजीत के टूर को बम की धमकी मिलने का ये पहला मौका नहीं। 23 अक्टूबर को मुंबई की पूर्व मेयर रितु तावड़े के दफ्तर में आत्मघाती हमले की धमकी वाला ईमेल आया था, वहीं 15 नवंबर को होने वाले उनके इंदौर शो से पहले मेयर दफ्तर, प्राइवेट स्कूलों और मध्यप्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर बेंच को ईमेल से धमकी मिली थी।

अहमदाबाद शो के वक्त नरेंद्र मोदी स्टेडियम में करीब 2,000 पुलिसवाले और 1,500 प्राइवेट गार्ड लगाए गए थे।

ADVERTISEMENT