हाल ही में मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ गुजरात के प्राचीन गिरनार पर्वत पर आध्यात्मिक शांति के लिए पहुंचे।
उन्होंने अपनी इस यात्रा की झलकियां सोशल मीडिया पर फैंस के साथ साझा की हैं। पहाड़ी पर चढ़ने के लिए दिलजीत अपने क्रू के साथ पैदल गए और केबल कार का भी लुत्फ उठाया।
ऊपर बने एक मंदिर में उन्होंने पूजा-अर्चना भी की। इस दौरान बैकग्राउंड में बज रही हनुमान चालीसा ने पूरे माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया था।
दिलजीत ने गिरनार पर्वत के 6.6 करोड़ साल पुराने इतिहास का किया जिक्र
दिलजीत ने सोशल मीडिया पर बताया कि गिरनार पर्वत लगभग 6.6 करोड़ साल पहले बना था। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय संस्कृति में इस पवित्र जगह के गहरे महत्व की ओर भी ध्यान दिलाया।
गिरनार पर्वत जूनागढ़ के पास स्थित एक प्रसिद्ध और आस्था का केंद्र है, जो हिंदू और जैन दोनों ही धर्मों के लोगों के लिए सबसे महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों में से एक है।
दिलजीत यहीं नहीं रुके, उन्होंने गिर नेशनल पार्क में सफारी का भी अनुभव लिया। वहां उन्होंने शेर देखते हुए अपनी कुछ तस्वीरें भी पोस्ट कीं।
यह सब उनके 'ऑरा इंडिया टूर 2026' का हिस्सा है, जिसके तहत वह 21 नवंबर को अहमदाबाद भी पहुंचेंगे।