दिलजीत दोसांझ CJP पर बरसे- मैं शांत हूं, शांत रहने दो; पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ
क्या है खबर?
मशहूर गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने अपने दिल्ली कॉन्सर्ट के दौरान आलोचकों और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पर जमकर निशाना साधा। अपनी फिल्म 'सतलुज' का मजाक उड़ाए जाने और खुद पर लगे आरोपों पर खुलकर बोलते हुए दिलजीत ने कहा कि उन्हें किसी से ये सीखने की जरूरत नहीं है कि लड़ाई कैसे लड़ी जाती है। मंच से बेबाक अंदाज में अपनी भड़ास निकालते हुए उन्होंने साफ किया कि पंजाबियों को संघर्ष सिखाने की कोशिश न की जाए।
विवाद
इस वजह से CJP के निशाने पर आए थे दिलजीत
दिलजीत ने अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' के दिल्ली कॉन्सर्ट में आलोचकों को करारा जवाब दिया।
दरअसल, कुछ समय पहले NEET पेपर लीक विवाद पर दिए उनके "मैं सिर्फ एक कलाकार हूं" वाले बयान की काफी आलोचना हुई थी। कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने छात्र प्रदर्शनों का समर्थन न करने और राजनीतिक विषयों पर आधारित फिल्म 'सतलुज' में काम करने को लेकर दिलजीत की नियत पर सवाल उठाए थे।
पलटवार
'सतलुज' पर तंज कसने वालों पर दिलजीत दोसांझ का पलटवार
दिलजीत ने मंच पर किसी का नाम लिए बिना साफ शब्दों में कहा, "मैं एक कलाकार हूं और सब से प्यार करता हूं। मैं शांत हूं तो मुझे शांत ही रहने दो। मैं आप सभी का समर्थन करता हूं, लेकिन पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ।"
इसके बाद उन्होंने अपनी फिल्म 'सतलुज' का बचाव कर कहा कि जिस फिल्म का मंच पर मजाक बनाया जा रहा है, वो मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा की जिंदगी पर आधारित है।
तंज
"नफरत करने वालों से भी प्यार है..."
आलोचकों को जवाब देते हुए दिलजीत बोले, इस फिल्म के लिए उन्होंने एक लंबी लड़ाई लड़ी है।"
उन्होंने कहा कि भले ही कोई उनसे नफरत करे, लेकिन वो सबसे प्यार करते हैं और अपनी बात पर मजबूती से कायम हैं।
बता दें कि फिल्म 'सतलुज' 1980 और 90 के दशक में पंजाब में हुई कथित गैर-कानूनी हत्याओं और गुप्त दाह-संस्कार के मामलों को उजागर करने वाले प्रसिद्ध मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर आधारित है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए क्या बोले दिलजीत
Diljit Dosanjh Hits Back at CJP Over His “I Am an Artist” Remark, Says Punjabis Know How to Fight Their Battles pic.twitter.com/mJDWQZN7Ph
— Grey Insights (@GI_Bharat) October 30, 2026
स्पष्टीकरण
दिलजीत के पलटवार के बाद 'CJP' प्रमुख अभिजीत दिपके ने दी सफाई
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने देर रात इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर दिलजीत के तंज का जवाब दिया।
उन्होंने अपनी आलोचना की वजह बताते हुए लिखा, 'पाजी, जून में जब हम प्रदर्शन कर रहे थे, तब आपके बयान से मुझे थोड़ा दुख हुआ था। ये आपके खिलाफ कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी, बल्कि ऐसा इसलिए था, क्योंकि मैंने हमेशा आपको हक और सच के लिए आवाज उठाते देखा है, जैसा कि आपने खुद भी कहा है।'