दिलजीत दोसांझ को बम की धमकी भी न झुका सकी, इंदौर में करेंगे शो; बोले- जानते नहीं हम कौन हैं?
पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने इंदौर में होने वाले अपने कॉन्सर्ट को लेकर बम धमाके की धमकियों के बीच सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर फैंस को भरोसा दिलाया है कि वो 15 नवंबर को तय कार्यक्रम के मुताबिक इंदौर आएंगे और अपना शो करेंगे। उन्होंने कहा, "मैं 15 नवंबर को इंदौर आऊंगा। सबसे पहले पोहा खाऊंगा। कोई कुछ भी कहे, मैं आपसे मिलने जरूर आऊंगा। मैंने खबरों में सुना है कि कोई संकट आने वाला है, लेकिन हम इससे निपटना जानते हैं। क्या उन्हें पता है कि हम कौन हैं?"
इंदौर में दिलजीत के कॉन्सर्ट से पहले धमकी भरे ईमेल
दरअसल, इंदौर में दिलजीत के कॉन्सर्ट से पहले 3 निजी स्कूलों और मेयर के कार्यालय को ईमेल के जरिए बम धमाके की धमकी मिली थी। इसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने स्कूलों की तलाशी ली, लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला। दिलजीत के बयान से साफ है कि फिलहाल वो अपना शो रद्द करने के मूड में नहीं हैं। पुलिस और बम निरोधक दस्ते (BDS) की टीमें धमकी मिलने वाले स्कूलों की तलाशी ले चुकी हैं। अब जांच एजेंसियां धमकी भरे ईमेल भेजने वालों का पता लगाने में जुटी हैं। आयोजकों को दिलजीत के कुछ गानों पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन कॉन्सर्ट टालने की कोई घोषणा नहीं हुई है।