टीवी स्टार काजल चौहान रख् रहीं बॉलीवुड में कदम, 'दिल दीवाना हो गया' में 2 नए चेहरों के साथ आएंगी नजर
मुंबई में आयोजित एक भव्य इवेंट के दौरान नई रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'दिल दीवाना हो गया' का म्यूजिक और प्रोमो वीडियो लॉन्च किया गया। ये फिल्म आगामी 31 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस फिल्म के जरिए मशहूर टीवी स्टार काजल चौहान बॉलीवुड की दुनिया में अपना पहला कदम रखने जा रही हैं। फिल्म में उनके साथ 2 नए कलाकार, भानुज सूद और शुभाकरण भोपाल भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
मनाली की वादियों में बनी 'दिल दीवाना हो गया'
मुंबई और मनाली की खूबसूरत वादियों में शूट की गई ये फिल्म एक दिल छू लेने वाली लव-ट्रायंगल की कहानी है, जो रिश्तों के उतार-चढ़ाव को दिखाती है। फिल्म के निर्देशक राजीव शम्लाल सोनी ने इसमें 90 के दशक के गानों और धुनों का जादू फिर से जगाने की कोशिश की है और उन्हें पूरा भरोसा है कि आज के दर्शकों को ये काफी पसंद आएगी। इवेंट के दौरान मशहूर अभिनेता मुश्ताक खान ने निर्देशक सोनी के काम की जमकर तारीफ की, वहीं अभिनेत्री काजल चौहान ने टीवी से फिल्मों में आने के अपने इस सफर को चुनौतीपूर्ण लेकिन बेहद शानदार बताया।