'धुरंधर' की गायिका जैस्मीन सैंडलस ने अचानक रोका गाना, बोलीं- इन्हें बाहर निकालो; वरना नहीं गाऊंगी
क्या है खबर?
दिल्ली के एक लाइव कॉन्सर्ट में जानी-मानी गायिका जैस्मीन सैंडलस का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। शो के दौरान जब कुछ लोगों ने महिला प्रशंसकों के साथ बदसलूकी की तो जैस्मीन ने तुरंत गाना रोक दिया और मनचलों को बाहर वहां से बाहर करने को कहा। उनका साफ संदेश था मेरा मंच, मेरी शर्तें और महिलाओं का सम्मान सबसे पहले। जैस्मिन का ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
चेतावनी
गायिका ने मंच से दी ये चेतावनी
रणवीर सिंह अभिनीत 'धुरंधर' के टाइटल ट्रैक, 'शरारत' और 'यार ना मिले' गानों के लिए मशहूर गायिका जैस्मीन सैंडलस आजकल अपने टूर पर हैं। पिछले दिनों वो दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में परफॉर्म कर रही थीं, तभी उन्होंने बीच में ही अपना शो रोक दिया। भीड़ में 2 पुरुषों को महिलाओं के साथ बदतमीजी करते देख उन्होंने मंच से बेहद सख्ती से कहा कि वो तब तक नहीं गाएंगी,जब तक कि वहां मौजूद हर महिला सुरक्षित महसूस न करे।
संदेश
शो से ज्यादा जरूरी महिलाओं की सुरक्षा
भीड़ में 2 पुरुषों को महिलाओं के साथ बदसलूकी करते देख जैस्मीन बेहद विचलित हो गईं और उन्होंने सरेआम उन्हें टोकना शुरू कर दिया। जस्मीन ने इवेंट के सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिया कि उन लोगों को तुरंत वहां से बाहर निकाला जाए। उन्हाेंने स्पष्ट कर दिया कि महिलाओं के लिए एक सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। ये शो को जारी रखने से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है।
ट्विटर पोस्ट
जैस्मीन सैंडलस ने बीच में रोका शो
Dhurandhar singer Jasmine Sandlas recently stopped a concert midway in New Delhi, calling out men who were allegedly harassing girls at the concert. She said she won’t perform until the girls feel safe and secure. Bravo! pic.twitter.com/dpbvz6uPKR
— Aditya Raj Kaul (@AdityaRajKaul) February 11, 2026
सराहना
लोग कर रहे जैस्मिन की जमकर तारीफ
जैस्मीन ने सुरक्षाकर्मियों को निर्देश देते हुए कहा, "क्या आप इन 2 लोगों को यहां से बाहर निकाल सकते हैं? ये यहां महिलाओं को परेशान कर रहे हैं। अगर मेरे कॉन्सर्ट में महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं करेंगी तो मैं परफॉर्म नहीं करूंगी।" जैस्मीन के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं और लोग उनके इस साहसिक कदम की खूब तारीफ कर रहे हैं। लोग जैस्मीन को असली 'धुरंधर' बता रहे हैं, जिन्होंने ग्लैमर से ऊपर फैंस की सुरक्षा को रखा।
सफरनामा
जैस्मीन सैंडलस का सफर, अमेरिका से बॉलीवुड तक
जैस्मीन का जन्म पंजाब के जालंधर में हुआ था, लेकिन वह बहुत कम उम्र में अपने परिवार के साथ कैलिफोर्निया, अमेरिका शिफ्ट हो गई थीं। उन्होंने महज 16 साल की उम्र में गाने लिखना शुरू कर दिया था। उनका पहला गाना 'मुस्कान' (2008) काफी हिट रहा। जैस्मीन को बॉलीवुड में सबसे बड़ी सफलता साल 2014 में मिली, जब उन्होंने फिल्म 'किक' में 'यार ना मिले' गाना गाया। ये गाना सलमान खान पर फिल्माया गया था और जबरदस्त हिट हुआ।