'धुरंधर' से मशहूर हुए फ्लिपराची भारत में करेंगे परफॉर्म, जानिए कब-कहां होगा कॉन्सर्ट
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाया, बल्कि कई सितारों को भी प्रसिद्धी दिलाने का काम किया है। इन्हीं में एक नाम अंतर्राष्ट्रीय रैप कलाकार फ्लिपराची का है, जिनके 'फा9ला' गाने ने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी। इस बीच, खबर है कि रैपर भारत में पहली बार अपनी शानदार प्रस्तुति देने के लिए तैयार हैं। अपने कॉन्सर्ट का ऐलान उन्होंने खुद किया है जिसके बाद से फैंस काफी उत्साहित हैं।
कॉन्सर्ट
मुंबई में पहला कॉन्सर्ट करेंगे फ्लिपराची
अपने पहले एकल हिट 'फा9ला' की रिलीज के बाद, फ्लिपराची ने वैश्विक पहचान हासिल करते हुए दुनिया के प्रमुख हिप-हॉप कलाकारों में अपना दबदबा कायम कर लिया है। उनकी शानदार आवाज की लाइव प्रस्तुति का लुत्फ अब भारतीय फैंस भी उठा सकेंगे। रैपर 13 मार्च, 2026 को पहली बार मुंबई में परफॉर्म करने के लिए तैयार हैं। यह कॉन्सर्ट फीनिक्स मार्केटसिटी में होगा। इसके अलावा उनका एक और कॉन्सर्ट 14 मार्च को बेंगलुरु के UAN40 संगीत समारोह में आयोजित होगा।
प्रतिक्रिया
फ्लिपराची ने कॉन्सर्ट को लेकर प्रतिक्रिया दी
फ्लिपराची ने अपने मुंबई कॉन्सर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'भारत ने मुझे असीम प्यार दिया है, और मुंबई एक ऐसा शहर है जहां मैं हमेशा से परफॉर्म करना चाहता था। यहां की ऊर्जा, लोग, संस्कृति, सबकुछ मुझे बहुत जाना-पहचाना लगता है। यह शो धमाकेदार, भावुक और यादगार होने वाला है। मुंबई, तैयार हो जाओ।' बता दें, 'धुरंधर' में मौजूद 'फा9ला' गाने को अक्षय खन्ना पर फिल्माया गया था। 19 मार्च को 'धुरंधर 2' सिनेमाघरों में रिलीज को तैयार है।