'धुरंधर 2' को सेंसर बोर्ड से नहीं मिली मंजूरी? जानिए वायरल प्रमाणपत्र का सच
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर 2' से जुड़े छोटे-बड़े अपडेट सोशल मीडिया पर सनसनी मचा देते हैं। हाल ही में, खबर आई कि फिल्म की अवधि कम है, क्योंकि सेंसर बोर्ड ने थोड़ी कांट-छांट की है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह सेंसर जानकारी पूरी तरह से गलत और भ्रामक है। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर वायरल प्रमाणपत्र पहली कड़ी, यानी 'धुरंधर' का है, 19 मार्च को रिलीज होने वाली दूसरी किस्त का नहीं।
सच
क्या है 'धुरंधर 2' के प्रमाणपत्र से जुड़ा सच?
CBFC की आधिकारिक वेबसाइट के हवाले से बताया गया था कि 'धुरंधर 2' को UA 16+ रेटिंग देकर पास किया गया है। इंडिया टुडे से बातचीत में सूत्र ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में दिखाई देने वाला प्रमाणपत्र 'धुरंधर 2' का नहीं है। यह पहली कड़ी के टीवी प्रीमियर के लिए है, जो 5 दिसंबर, 2025 को रिलीज हुई थी। उन्होंने बताया कि पिछले हफ्ते तक फिल्म की शूटिंग जारी थी। यह अभी तक प्रमाणन के लिए नहीं गई है।
टीवी प्रीमियर
मार्च, 2026 में टीवी पर हो सकता है 'धुरंधर' का प्रीमियर
'धुरंधर' का टीवी प्रीमियर मार्च, 2026 के पहले हफ्ते में होने की उम्मीद है। इसके लिए प्रमाणपत्र में 214 मिनट की अवधि को 208 मिनट और 56 सेकंड किया गया है। दरअसल, बोर्ड ने कुछ दृश्यों को संपादित करते हुए अपशब्दों को म्यूट कर दिया गया है। इसके अलावा, 'A' रेटिंग से हटाकर इसे UA 16+ रेटिंग दी गई है। यही प्रमाणपत्र CBFC की वेब साइट पर मौजूद है, जिसे अभी तक 'धुरंधर 2' का प्रमाणपत्र समझा जा रहा था।