LOADING...
बॉक्स ऑफिस: 'धुरंधर 2' के 21वें दिन लड़खड़ाए कदम, किया सबसे कम कारोबार
'धुरंधर 2' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

बॉक्स ऑफिस: 'धुरंधर 2' के 21वें दिन लड़खड़ाए कदम, किया सबसे कम कारोबार

Apr 09, 2026
09:47 am

क्या है खबर?

रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' बॉलीवुड की सबसे बंपर कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और तब से दर्शकों को अपनी ओर खींचने में कामयाब हो रही है। हालांकि, रिलीज के 21 दिन बॉक्स ऑफिस पर निकालने के बाद कमाई में गिरावट आनी शुरू हो चुकी है। फिल्म ने पहली बार सिंगल डिजिट में कमाई की है। आइए जानते हैं कि कुल कारोबार कहां तक पहुंचा।

कलेक्शन

'धुरंधर 2' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

सैकनिल्क के मुताबिक, 'धुरंधर 2' ने अपनी रिलीज के 21वें दिन बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 7.90 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। ये फिल्म का अब तक का सबसे कम कलेक्शन है। इससे पहले 20वें दिन इसने 10.10 करोड़ रुपये और 19वें दिन 10 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इस तरह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल कमाई 1,041.27 करोड़ रुपये हो गई है। एक दिन पहले ही इसने प्रभास अभिनीत फिल्म 'बाहुबली 2' (1,030.42 करोड़) को पीछे छोड़ा है।

असर

'धुरंधर 2' का सिंहासन हिलाने आएगी 'डकैत', क्या कमाई पर पड़ेगा असर?

'धुरंधर 2' ने वर्ल्डवाइड 1,653.67 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। भारत में इसकी आंधी से बचने के लिए 'टॉक्सिक', 'पेड्‌डी' और 'भूत बंगला' जैसी फिल्मों ने अपने कदम पीछे खींच लिए थे, लेकिन मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष की फिल्म 'डकैत' अब भी डटी है। यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। देखना दिलचस्प होगा कि क्या 'डकैत' अपनी बॉक्स ऑफिस कमाई से 'धुरंधर 2' का सिंहासन हिला सकेगी।

Advertisement