'धुरंधर 2' के बहाने कंगना रनौत का बॉलीवुड पर तंज- हीरो बनने का भूत अब उतरेगा
क्या है खबर?
कंगना रनौत ने फिल्म निर्देशक आदित्य धर का साथ देते हुए बड़े फिल्मी सितारों (सुपरस्टार्स) पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि बॉलीवुड के बड़े सितारे अक्सर अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करते हैं और फिल्म बनाने वाले निर्देशकों को डराते-धमकाते हैं। कंगना के मुताबिक, सितारों का ये घमंड फिल्म इंडस्ट्री के लिए खतरनाक है और इसे रोका जाना चाहिए। कंगना ने फिल्मकारों की रचनात्मक आजादी और सुपरस्टार्स के बेवजह की दखलअंदाजी पर कड़ी नाराजगी जाहिर की।
सराहना
कंगना ने आदित्य को बताया बड़ा स्टार
राकेश रोशन, एसएस राजामौली और राम गोपाल वर्मा के बाद अब कंगना रनौत भी 'धुरंधर 2' की तारीफ करने वालों की कतार में शामिल हो गई हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर निर्देशक आदित्य धर की खासतौर पर तारीफ करते हुए कहा कि वो अब खुद में एक बड़े 'स्टार' बन चुके हैं। उन्होंने लिखा कि 'धुरंधर' की सफलता की सबसे अच्छी बात ये है कि आदित्य धर अब एक 'सुपरस्टार डायरेक्टर' के रूप में पूरी तरह स्थापित हो चुके हैं।
तंज
हमारे निर्देशक मेहनत के बावजूद पीछे रह जाते हैं- कंगना
कंगना ने हॉलीवुड का उदाहरण देते हुए लिखा, 'हॉलीवुड में सुपरस्टार निर्देशक हमेशा सुपरस्टार एक्टर्स से कहीं ज्यादा बड़े होते हैं। उदाहरण के तौर पर स्टीवन स्पीलबर्ग, क्वेंटिन टारनटिनो और क्रिस्टोफर नोलन। हम अपने निर्देशकों को कभी उतना श्रेय नहीं देते, जिसके वे हकदार हैं।" कंगना ने कहा कि अक्सर फिल्म की सफलता का सारा श्रेय मुख्य अभिनेताओं को दे दिया जाता है, जबकि फिल्म बनाने वाले निर्देशक कहीं पीछे छूट जाते हैं और उनकी मेहनत दबकर रह जाती है।
तारीफ
'धुरंधर 2' में निर्देशक आदित्य धर बने असली सुपरस्टार
कंगना का मानना है कि 'धुरंधर 2' ने एक बहुत बड़ा बदलाव किया है। आमतौर पर फिल्म की सफलता का सारा श्रेय हीरो ले जाता है, लेकिन इस फिल्म के साथ निर्देशक आदित्य धर एक असली सुपरस्टार बनकर उभरे हैं। कंगना के अनुसार, ये आदित्य की फिल्म है और दर्शकों ने भी इस बार एक्टर से ज्यादा डायरेक्टर के काम को पहचाना है। उन्होंने साबित कर दिया कि एक काबिल निर्देशक किसी भी बड़े सितारे से ज्यादा चमक सकता है।
प्रेरणा
युवा निर्देशकों के लिए प्रेरणा बनेंगे आदित्य धर
कंगना ने लिखा, 'फिल्म निर्देशकों से जरूरत से ज्यादा काम कराया जाता है, उन्हें कम पैसे दिए जाते हैं और सुपरस्टार्स उन्हें परेशान करते हैं। इसलिए आज युवा ज्यादातर एक्टर बनना चाहते हैं, लेकिन यहां एक सुपरस्टार फिल्ममेकर है, जो हीरो से ज्यादा चमक रहा है। आज बहुत से युवा उनकी इस कहानी को देख रहे हैं, जो उनसे प्रेरित होकर उनके जैसा बनने का सपना देखेंगे और फिल्म इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। आपको सलाम, सर।'
जानकारी
बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर 2' का तूफान
'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। सीक्वल ने रिलीज के मात्र 2 दिनों के भीतर भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, वहीं दुनियाभर में ये 400 करोड़ के क्लब में शामिल होने वाली है।