'धुरंधर 2' का पाकिस्तान में 'आतंक', 12 बजते ही टूट पड़ी जनता; मिनटों में क्रैश नेटफ्लिक्स
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' ने रिलीज होते ही सरहद पार तहलका मचा दिया है। पाकिस्तान में फिल्म को लेकर दीवानगी का आलम ये रहा कि नेटफ्लिक्स पर आते ही कुछ ही मिनटों में सर्वर क्रैश हो गया। फिल्म की कहानी को लेकर वहां विवाद और बहस तो छिड़ी है, लेकिन दीवानगी ऐसी है कि लोग इसे देखने के लिए टूट पड़े हैं। सोशल मीडिया पर एक पाकिस्तानी रिव्यूअर का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।
दीवानगी
पाकिस्तान में भारी भीड़ के कारण सर्वर हुआ ठप
'धुरंधर 2' पाकिस्तान में पहले ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक दे चुकी है। पाकिस्तान में इसे लेकर दीवानगी का आलम यह था कि भारी ट्रैफिक के कारण रिलीज के कुछ ही मिनटों के भीतर नेटफ्लिक्स का सर्वर क्रैश हो गया। हालांकि, सोशल मीडिया पर कई पाकिस्तानी नागरिक इस फिल्म की आलोचना भी कर रहे हैं और इसे 'प्रोपेगेंडा' करार दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद फिल्म को देखने के लिए वहां जबरदस्त होड़ मची हुई है।
वीडियो
रिव्यूअर ने दिखाया कैसे 'धुरंधर 2' ने डाउन किया नेटफ्लिक्स
पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर माविया उमर फारूकी ने एक वीडियो साझा कर दावा किया है कि पाकिस्तान में 'धुरंधर 2' के प्रीमियर होते ही नेटफ्लिक्स का सर्वर क्रैश हो गया। वीडियो में उन्हें ये कहते सुना गया, "पाकिस्तान में आज ही 'धुरंधर 2 रिलीज हुई और सर्वर क्रैश हो गया। पाकिस्तानी इंतजार ही कर रहे थे कि कब रात के 12 बजें, नेटफ्लिक्स फिल्म डाले और सब एक साथ मिलकर क्लिक करें। इस तरह 'धुरंधर' का शौक देखा गया है इधर।"
मकसद
"सच हो या झूठ, हमें बस देखना है"
माविया ने वीडियो में आगे कहा, "अब सच या झूठ कुछ भी दिखाया गया हो, वो अलग बात है, लेकिन पाकिस्तानी ये देखना चाहते हैं कि फिल्म बनी कैसी है। रणवीर सिंह का किरदार कैसा है, यह तो सबको पता है। लयारी में सच में ऐसा हुआ था या नहीं, वह बाद की बात है।" उनका इशारा फिल्म की कहानी और उसके ऐतिहासिक तथ्यों की ओर था, जिसे लेकर पाकिस्तान में काफी बहस छिड़ी हुई है।