'धुरंधर 2' का नया रिकॉर्ड, भारत में 1,000 करोड़ रुपये कमाने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बनी
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ को बनाए रखा है। पिछले हफ्ते कमाई के आंकड़े थोड़े डामाडोल देखने को मिले थे, लेकिन वीकेंड पर कमाई ने वापस रफ्तार पकड़ी। यही नहीं, फिल्म ने रिलीज के 18वें दिन एक नया रिकॉर्ड अपने नाम पर दर्ज करा लिया है। यह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई है। आइए जानते हैं ताजा कारोबार।
कलेक्शन
'धुरंधर 2' की कुल कितनी हुई कमाई?
सैकनिल्क के मुताबिक, 'धुरंधर 2' ने तीसरे हफ्ते में 18वें दिन, यानी रविवार को 28.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। यह कमाई 17वें दिन (25.65 करोड़ रुपये) के मुकाबले ज्यादा है। इसके बाद फिल्म का घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल कारोबार 1,013.77 कराेड़ रुपये हो गया है। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर यह कारनामा दिखाने वाली 'धुरंधर 2' विश्वस्तर पर भी कमाल दिखा रही है। फिल्म ने दुनियाभर में अब तक 1,605.74 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है।
टक्कर
'धुरंधर 2' की इन फिल्मों से टक्कर, कमाई अब भी पीछे
'धुरंधर 2' भले तूफानी कमाई कर रही हो, लेकिन दुनियाभर के कारोबार में इसकी टक्कर अभी भी इन फिल्मों से होना बाकी है। दरअसल, 1,605.74 करोड़ रुपये कमा चुकी फिल्म अभी भी 'पुष्पा 2', 'बाहुबली 2' और 'दंगल' से पीछे है। जहां 'पुष्पा 2' का कारोबार लगभग 1,742 करोड़ रुपये है, तो वहीं 'बाहुबली 2' और 'दंगल' का कारोबार लगभग 1,788 करोड़ रुपये और 2,070 करोड़ रुपये है। अब देखना होगा कि 'धुरंधर 2' इन रिकॉर्ड को कब तक तोड़ेगी।