LOADING...
'धुरंधर 2' का कारोबार 1,700 करोड़ रुपये पार; 3,000 करोड़ रुपये कमाने वाली पहली भारतीय फ्रैंचाइजी
'धुरंधर 2' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

'धुरंधर 2' का कारोबार 1,700 करोड़ रुपये पार; 3,000 करोड़ रुपये कमाने वाली पहली भारतीय फ्रैंचाइजी

Apr 13, 2026
10:18 am

क्या है खबर?

रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। चौथे हफ्ते में घरेलू कमाई भले ऊपर-नीचे देखने को मिली हो, लेकिन वीकेंड पर इसने रफ्तार को बनाए रखा। फिल्म ताबड़तोड़ कमाई करते हुए 1,100 करोड़ रुपये के क्लब में एंट्री लेने के लिए तैयार है। वहीं दुनियाभर में फिल्म ने 25 दिनाें के अंदर कुल 1,712.98 करोड़ रुपये का कारोबार कर दिखाया है। आइए जानते हैं ताजा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन।

कमाई

'धुरंधर 2' की कमाई जानिए

सैकनिल्क के मुताबिक, 'धुरंधर 2' ने रिलीज के 25वें दिन, यानी रविवार को 14.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। वहीं 24वें दिन, यानी शनिवार को फिल्म ने 13.50 करोड़ रुपये कमाए थे। इस तरह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार को बनाए रखते हुए फिल्म ने कुल 1,083.67 करोड़ रुपये की कमाई की है। जल्द ही यह भारत में 1,100 करोड़ रुपये के क्लब में दस्तक देने वाली बॉलीवुड फिल्म बन जाएगी।

रिकॉर्ड

3,000 करोड़ रुपये कमाने वाली पहली भारतीय फ्रैंचाइजी

'धुरंधर 2' पिछले साल 5 दिसंबर को रिलीज हुई 'धुरंधर' का सीक्वल है। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, यह भारत की पहली ऐसी फ्रैंचाइजी बन गई है जिसने 3,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। पहली किस्त ने वैश्विक स्तर पर 1,307.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। वहीं सीक्वल ने विश्वस्तर पर 1,700 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है, जिसके बाद 2 भागों वाली इस फ्रैंचाइजी ने विश्वस्तर पर 3,000 करोड़ रुपये से अधिक कमा लिए हैं।

Advertisement

टक्कर

'पुष्पा 2' काे मात देने की तैयारी में 'धुरंधर 2'

'धुरंधर 2' 1,700 करोड़ कमाने के बावजूद अभी अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2' से पीछे है। इस फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 1,742 करोड़ रुपये है, जिसे पार करने के लिए 'धुरंधर 2' कमर कस रही है। दूसरी ओर, 10 अप्रैल को रिलीज मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष की फिल्म 'डकैत' भी बॉक्स ऑफिस पर डटी हुई है। फिल्म ने तीसरे दिन 6.40 करोड़ रुपये का कारोबार करते हुए भारत में अब तक 19.80 करोड़ रुपये कमा लिए हैं।

Advertisement