'धुरंधर 2' ने एडवांस बुकिंग में उड़ाया गर्दा, रिलीज से पहले तोड़ा ये रिकॉर्ड
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' 19 मार्च को दुनियाभर में दस्तक देने के लिए तैयार है। इससे पहले फिल्म ने एडवांस बुकिंग में तहलका मचा दिया है। आलम यह है कि फिल्म काे देखने के लिए टिकट खिड़कियों पर अभी से ताबड़तोड़ बिक्री शुरू हो चुकी है। इसी का नतीजा है कि 'धुरंधर 2' ने एडवांस बुकिंग में बंपर कारोबार कर दिखाया है। यही नहीं, कुछ रिकॉर्ड को तोड़ने में भी सफलता हासिल कर ली है।
कमाई
'धुरंधर 2' ने एडवांस बुकिंग में कर ली मोटी कमाई
सैकनिल्क के मुताबिक, 9 मार्च की दोपहर तक 'धुरंधर 2' ने एडवांस बुकिंग में कुल 2.06 लाख टिकटों की बिक्री की है। इसमें से लगभग 1.94 लाख टिकट सिर्फ हिंदी वर्जन के लिए हैं, जिन्हें एडवांस बुकिंग के जरिए बेचा गया है। इस तरह रिलीज से 10 दिन पहले ही फिल्म की कुल एडवांस ग्रॉस कमाई 18.11 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। बिना ब्लॉक सीट के यह आंकड़ा लगभग 12.30 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
रिकॉर्ड
सबसे बड़ी पेड प्रीमियर बनने का बनाया रिकॉर्ड
'धुरंधर 2' ने एडवांस बुकिंग में शानदार प्रदर्शन दिखाते हुए रिकॉर्ड कायम किया है। इसने श्रद्धा कपूर अभिनीत 'स्त्री 2' के 10 करोड़ के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और बॉलीवुड की सबसे बड़ी पेड प्रीमियर एडवांस बुकिंग का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वहीं दिल्ली-NCR जैसे बड़े शहरों में कुछ शो के लिए टिकटों की कीमतें 2,500 से 2,900 रुपये तक पहुंच गई हैं। फिल्म के पेड-प्रीमियर 18 मार्च को होंगे, जबकि फिल्म 19 मार्च को रिलीज होगी।