
धर्मेंद्र और डिंपल की पर्दे पर वापसी, 31 साल बाद इस फिल्म के लिए आए साथ
क्या है खबर?
बॉलीवुड के 'हीमैन' धर्मेंद्र धीरे-धीरे फिर फिल्मों में वापसी कर रहे हैं। वह एक के बाद एक फिल्म साइन रहे हैं। अब धर्मेंद्र ने एक और फिल्म साइन कर ली है। खबर है कि वह शाहिद कपूर की अगली फिल्म में नजर आने वाले हैं।
इससे भी खास बात यह है कि इसमें उनके साथ अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया नजर आएंगी, जो उनके साथ पहले भी कई फिल्मों में काम कर चुकी हैं।
आइए जानते हैं पूरी खबर।
रिपोर्ट
रोबोटिक कॉमेडी फिल्म से होगी वापसी
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, धर्मेंद्र और निर्माता दिनेश विजान की अगली फिल्म में साथ दिखेंगे। दोनों की भूमिका फिल्म में अहम होगी। धर्मेंद्र फिलहाल राजस्थान में फिल्म में अपने हिस्से के सिंगल शॉट्स की शूटिंग कर रहे हैं। इस फिल्म का नाम अभी तय नहीं हुआ है।
यह रोबोट-थीम वाली रोमांटिक कॉमेडी फिल्म होगी, जिसमें शाहिद कपूर के साथ कृति सैनन भी हैं। इसके जरिए धर्मेंद्र और डिंपल 31 साल बाद पर्दे पर वापसी कर रहे हैं।
फिल्म
फिल्म से जुड़ीं अन्य जानकारियां
पहली बार इस फिल्म के जरिए शाहिद और कृति की जोड़ी बनने जा रही है। इसमें शाहिद एक रोबोटिक विशेषज्ञ तो कृति एक रोबोट की भूमिका निभाने जा रही हैं। अमित जोशी फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। फिल्म में मशीन और इंसान के प्यार की कहानी दिखाई जाएगी।
टीम दूसरे शेड्यूल की शूटिंग के लिए देश के उत्तरी हिस्से में रवाना होगी। निर्माता अभी इस पर विचार करेंगे कि इसे चंडीगढ़ या दिल्ली में से कहां फिल्माया जाएगा।
फिल्में
इन फिल्मों के लिए साथ आए धर्मेंद्र-डिंपल
धर्मेंद्र-डिंपल ने 'बंटवारा' से लेकर 'साजिश', 'गंगा तेरे देश में', 'इंसानियत के दुश्मन', 'इंसाफ कौन करेगा' और 'हम कौन है' जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया।
उनके अभिनय से सजी 'लावा', 'मस्त कलंदर', 'शहजादे' और 'सिक्का' जैसी कई फिल्में दर्शकों की कसौटी पर खरी उतरीं।
धर्मेंद्र और डिंपल अनिल गांगुली के निर्देशन में बनी 1991 में आई फिल्म 'दुश्मन देवता' में आखिरी बार साथ दिखे। इसमें आदित्य पंचोली भी थे। फिल्म का संगीत बप्पी लहरी ने दिया था।
आगामी फिल्में
ये हैं धर्मेंद्र और डिंपल की आने वाली दूसरी फिल्में
डिंपल को आखिरी बार अयान मुखर्जी की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन शिवा' में देखा गया था। इसमें उन्होंने सावित्री देवी का किरदार निभाया था। डिंपल 'तू झूठी मैं मक्कार' और 'पठान' जैसी फिल्मों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी।
दूसरी तरफ धर्मेंद्र आखिरी बार 2018 में फिल्म 'यमला पगला दीवाना: फिर से' में नजर आए थे। वह जल्द ही फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में दिखेंगे। इसके अलावा 'अपने 2' और 'इक्कीस' भी उनके खाते से जुड़ी है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
डिंपल दिवंगत अभिनेता राज कपूर की खोज थीं। राज कपूर ने 1973 में फिल्म 'बॉबी' से उन्हें बॉलीवुड के दर्शन कराए। उस वक्त उनकी उम्र 14 साल थी। धर्मेंद्र ने 1960 में 'दिल भी तेरा हम' से 25 की उम्र में बॉलीवुड में पदार्पण किया।