दिलजीत दोसांझ का मुंबई कॉन्सर्ट अब खत्म हो चुका है, लेकिन इससे जुड़ी एक खबर सामने आई है। 27 नवंबर को हुए इस कॉन्सर्ट में मुंबई पुलिस ने अपनी नई एंटी-नारकोटिक्स फोरेंसिक वैन तैनात की थी। इस दौरान करीब 40 लोगों की जांच की गई, जिनमें 2 लोग ड्रग्स सेवन के शक में पॉजिटिव पाए गए। इनमें एक केन्याई नागरिक भी शामिल था। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हाल ही में इस वैन का उद्घाटन किया था।
खालिस्तान धमकी के बाद महालक्ष्मी में कड़ी की गई सुरक्षा
महालक्ष्मी रेसकोर्स में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। दरअसल, खालिस्तान का जिक्र करते हुए एक धमकी भरा ईमेल मिला था, जिसमें बम धमाके होने की आशंका जताई गई थी। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर 500 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों और बम निरोधक दस्तों को तैनात किया गया। प्रवेश द्वार पर आने वालों की सख्ती से जांच की गई और गाड़ियों को भी कार्यक्रम स्थल के पास जाने की अनुमति नहीं थी। आयोजकों को गायक के होटल और उनके पहुंचने के समय की जानकारी गोपनीय रखने के निर्देश दिए गए थे, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।