वेनिस फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जाएगी देव बेनेगल की लोकप्रिय भारतीय फिल्म 'इंग्लिश, अगस्त'
निर्देशक देव बेनेगल की 1994 की मशहूर फिल्म 'इंग्लिश, अगस्त' को 83वें वेनिस इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के 'वेनिस क्लासिक्स' सेक्शन में दिखाया जाएगा। उपमन्यु चटर्जी के उपन्यास पर बनी यह फिल्म एक युवा लड़के अगस्त्य सेन की कहानी है, जो एक छोटे भारतीय शहर में अपनी जिंदगी और पहचान को समझने की कोशिश करता है। 'फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन' (FHF) ने इस पुरानी फिल्म को फिर से सुधारकर नए जैसा बनाया है और ये लगातार तीसरा साल है, जब उनकी सुधारी हुई किसी भारतीय क्लासिक फिल्म को वेनिस में जगह मिली है।
खोई हुई नेगेटिव्स के बाद भी दोबारा तैयार हुई 'इंग्लिश, अगस्त'
'इंग्लिश, अगस्त' को दोबारा ठीक करना आसान नहीं था, क्योंकि इसकी असली नेगेटिव्स खो चुकी थीं। टीम ने बची हुई दो 35mm प्रिंट्स और निर्देशक देव बेनेगल के पास सुरक्षित रखे पुराने ऑडियो टेप्स की मदद से फिल्म और उसकी आवाज को फिर से तैयार किया। वेनिस फिल्म फेस्टिवल में इसके चुने जाने पर निर्देशक देव बेनेगल ने इसे एक सम्मान की बात बताया, वहीं निर्माता अनुराधा पारिख ने कहा कि इतने सालों बाद फिल्म का यहां पहुंचना एक बड़ा सफर पूरा होने जैसा है।