'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' के खिलाफ अब मुंबई की अदालत में मोर्चा खोलेंगे समीर वानखेड़े, मिली मंजूरी
क्या है खबर?
आर्यन खान की पहली वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' सितंबर, 2025 में रिलीज हुई थी जिसे लोगों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी। हालांकि कानूनी पचड़े में फंसने के कारण यह सीरीज इन दिनाें चर्चा में बनी हुई है। ताजा अपडेट है कि पूर्व नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) अधिकारी समीर वानखेड़े को सीरीज के खिलाफ मानहानि का मुकदमा लेकर मुंबई की अदालत में जाने की अनुमति मिल गई है। यह अनुमति दिल्ली हाई कोर्ट की ओर से दी गई है।
फैसला
दिल्ली हाई कोर्ट ने सुनाया फैसला
पूर्व NCB अधिकारी ने दिल्ली हाई कोर्ट में आवेदन दायर करते हुए पूर्व याचिका को खारिज करने के आधार पर मुंबई की सत्र अदालत में जाने की स्वतंत्रता देने का अनुरोध किया था। इसपर न्यायमूर्ति विकास महाजन ने कहा, "आवेदन स्वीकार किया जाता है। 12 फरवरी को पक्षकार मुंबई के मलाड जिले के दिंडोशी स्थित सिटी सिविल एंड सेशंस कोर्ट में उपस्थित हों, जब वह (वानखेड़े) वाद पत्र को दायर करने का प्रस्ताव रखते हैं।"
विवाद
जानिए कैसे शुरू हुआ ये विवाद
हाई कोर्ट में दायर मानहानि के मुकदमे में, पूर्व NCB अधिकारी ने दावा किया था कि 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में ऐसे व्यक्ति को दिखाया गया है, जो उनकी तरह दिखता है। यही नहीं, उन्होंने सीरीज के माध्यम से उनका मजाक उड़ाने का तर्क भी रखा था। वानखेड़े ने मुकदमा दायर करते हुए शो के निर्माता रेड चिलीज एंटरटेनमेंट से 2 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की थी। इसके अलावा, मानहानिकारक सामग्री को हटाने के लिए कहा था।