ठग सुकेश चंद्रशेखर मामले में नोरा फतेही के बर्ताव पर कोर्ट ने लगाई फटकार, जानें पूरा मामला
अभिनेत्री नोरा फतेही को दिल्ली की एक अदालत से ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के उगाही मामले में उनके बर्ताव के लिए फटकार मिली है।
अदालत ने उनके वकील से साफ तौर पर कहा कि वह यह सुनिश्चित करें कि नोरा कोर्ट को हल्के में न लें, खासकर तब जब उन्हें 2 नवंबर को गवाही देनी थी।
नोरा से महंगे तोहफों को लेकर पूछताछ
सुकेश पर आरोप है कि उसने जेल में रहते हुए रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटरों की पत्नियों से करीब 200 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है।
नोरा से उन आलीशान तोहफों के बारे में पूछताछ की गई है, जिनमें एक BMW कार और डिजाइनर सामान शामिल हैं, जो कथित तौर पर उन्हें सुकेश से मिले थे।
नोरा का कहना है कि वह बेकसूर हैं और बस इस मामले में फंस गई हैं। वहीं, सुकेश का दावा है कि उसने नोरा की संपत्ति में पैसा लगाया था और अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिज भी इस पूरे मामले में शामिल थीं।
फिलहाल, इस मामले की जांच जारी है और दोनों पक्ष अपनी-अपनी बातों पर कायम हैं।