Page Loader
अगले साल दीपिका पादुकोण पर लगा 1,000 करोड़ रुपये का दाव, आएंगी ये बड़ी फिल्में
2024 में इन बड़ी फिल्मों में नजर आएंगी दीपिका पादुकोण

अगले साल दीपिका पादुकोण पर लगा 1,000 करोड़ रुपये का दाव, आएंगी ये बड़ी फिल्में

Dec 27, 2023
09:47 pm

क्या है खबर?

दीपिका पादुकोण इन दिनों अपने करियर के शानदार दौर में हैं। साल 2023 में उनकी 2 फिल्मों ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की। पहले फिल्म 'पठान' और फिर 'जवान' को लेकर वह करीब पूरे साल सुर्खियों में रहीं। दीपिका का जलवा अभी थमने वाला नही हैं। आने वाले साल में उनकी 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की फिल्में आने वाली हैं। वह नए साल की 3 बड़ी फिल्मों का हिस्सा हैं।

कल्कि 2898 AD

भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्म है 'कल्कि 2898 AD'

दीपिका 'कल्कि 2898 AD' में प्रभास के साथ नजर आएंगी। सिर्फ दीपिका की ही नहीं, इसे अब तक की सबसे महंगी भारतीय फिल्म कहा जा रहा है। फिल्म का बजट 600 करोड़ रुपये से अधिक है। यह एक साइंस फिक्शन फिल्म है, लेकिन इसके केंद्र में पौराणिक कहानियां हैं। फिल्म में अमिताभ बच्चन, कमल हासन और दिशा पाटनी भी नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज तारीख 12 जनवरी, 2024 घोषित की गई थी, हालांकि इसका टलना तय है।

फाइटर

'फाइटर' से होगी साल की शुरुआत

इस साल की शुरुआत दीपिका की 'पठान' के साथ हुई थी। फिल्म में अपने ग्लमैर और एक्शन से दीपिका ने खूब सुर्खियां बटोरीं। अब 2024 की शुरुआत भी दीपिका के प्रशंसकों के लिए खास होने वाली है। दीपिका और ऋतिक रोशन की एक्शन थ्रिलर फिल्म 'फाइटर' 25 जनवरी को रिलीज होगी। फिल्म के गाने सुर्खियों में हैं, जिनमें ऋतिक और दीपिका की शानदार केमिस्ट्री नजर आ रही है। इस फिल्म का बजट 250 करोड़ रुपये का है।

सिंघम अगेन

'सिंघम अगेन' में बनेंगी लेडी कॉप

रोहित शेट्टी की कॉप यूनिवर्स का अलग प्रशंसक वर्ग है। इस यूनिवर्स की अगली फिल्म 'सिंघम अगेन' अगस्त, 2024 में रिलीज होनी है। इस फिल्म में दीपिका लेडी कॉप के रूप में नजर आएंगी। अजय देवगन की यह फिल्म करीब 200 करोड़ रुपये के बजट में बन रही है। फिल्म में अक्षय कुमार 'सूर्यवंशी' और रणवीर सिंह 'सिंबा' बनकर एंट्री लेंगे। फिल्म में करीना कपूर और टाइगर श्रॉफ भी नजर आएंगे।

अन्य फिल्में 

2024 के बाद भी छाई रहेंगी दीपिका

2024 की इन फिल्मों के अलावा भी दीपिका कई बड़ी फिल्मों का हिस्सा हैं। वह चर्चित फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' के सीक्वल 'ब्रह्मास्त्र 2' में अपने किरदार में नजर आएंगी। पिछले साल आई 'ब्रह्मास्त्र' में उनके कैमियो ने खूब सुर्खियां बटोरी थी। वह YRF यूनिवर्स की अगली फिल्म 'टाइगर वर्सेज पठान' में पाकिस्तानी जासूस रूबीना के किरदार को आगे बढ़ाएंगी। 'पठान' में इस भूमिका के लिए उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। दर्शकों को 'पठान' के सीक्वल 'पठान 2' का भी इंतजार है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

एक इंटरव्यू में दीपिका ने बताया था कि शाहरुख खान और रणवीर की फिल्मों में कैमियो के लिए वह पैसे नहीं लेती हैं। 'जवान' में उन्होंने अपनी भूमिका मुफ्त में निभाई थी। रणवीर की '83' और 'सर्कस' में भी उन्होंने मुफ्त में काम किया।