सपना चौधरी के खिलाफ कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट, जानिए मामला

मशहूर हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी ने अपने ठुमकों से लाखों लोगों को दीवाना बनाया है। वर्तमान में उनका रूतबा किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं है। उन्होंने फर्श से लेकर अर्श तक का सफर तय किया है। एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, सपना मुसीबतों में फंस गई हैं। सपना के खिलाफ कोर्ट ने एक गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। उनके खिलाफ बुधवार को यह वारंट जारी किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सपना पर एक डांस प्रोग्राम को रद्द करने और दर्शकों के पैसे नहीं लौटाने का आरोप लगा था। इसी मामले को लेकर सपना के खिलाफ लखनऊ की एक कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट शांतनु त्यागी ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 22 नवंबर की तारीख तय की है। अदालत इस मामले में सपना के खिलाफ आरोप तय करेगी जिसके लिए उनकी उपस्थिति जरूरी है।
सपना ने इससे पहले अपने खिलाफ FIR को रद्द करने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट ने उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया था। उनपर 14 अक्टूबर, 2018 को लखनऊ के आशियाना थाने में FIR दर्ज की गई थी। कार्यक्रम के ऑर्गेनाइजर जुनैद अहमद, नवीन शर्मा, इवाद अली, अमित पांडे और रत्नाकर उपाध्याय को भी नामजद किया गया था। 20 जनवरी 2019 को IPC की धारा 406 और 420 के तहत आरोप पत्र दायर किया गया था।
शायद सपना को इस बात का अंदाजा नहीं होगा कि एक शो का कार्यक्रम रद्द करने पर उन्हें कानूनी अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है। कार्यक्रम का टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से बेचा गया था। शिकायत में बताया गया था कि दर्शकों ने 300-300 रुपए देकर शो का टिकट खरीदा था। उनके शो को देखने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ी थी, लेकिन अचानक सपना का कार्यक्रम रद्द हो गया था।
सपना 'बिग बॉस 11' में नजर आई थीं। इस शो से उनकी लोकप्रियता में काफी इजाफा हुआ था। हालांकि, सपना ने कहा था, "लोगों को लगता है कि 'बिग बॉस' करने के बाद वे बड़े सेलेब्रिटी बन जाते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। यह मेरे लिए फायदेमंद नहीं रहा।" उन्होंने कहा, "मैं आज जो कुछ भी हूं, डांस की वजह से हूं। डांस हमेशा ही मेरा पहला प्यार रहेगा, लेकिन मैं अपना एक्टर बनने का सपना भी जरूर पूरा करूंगी।"
सपना ने हरियाणवी गानों पर डांस कर अपनी अलग पहचान बनाई है। वह बड़े-बड़े कार्यक्रमों में मंच पर अपने प्रदर्शन के लिए लोकप्रिय हैं। सपना हाल में रवि किशन और मनोज तिवारी के साथ एंड टीवी के एक क्राइम शो 'मौका-ए-वारदात' को होस्ट करती हुई नजर आई थीं। उन्होंने हरियाणवी इंडस्ट्री के साथ, भोजपुरी, पंजाबी व बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी काम किया है। उन्होंने फिल्म 'दोस्ती के साइड इफेक्ट्स' से बॉलीवुड में कदम रखा था।